रोहतक में पुलिस मुठभेड़ में घायल मोहित उर्फ बाबा।
रोहतक जिले में पुलिस और बदमाश के बीच खरावड़ के पास आईएमटी सेक्टर 30 में मुठभेड़ हो गई। पुलिस मुठभेड़ में बदमाश के पैर में गोली लगी। घायल अवस्था में पुलिस ने उसे पीजीआई के ट्रॉमा सेंटर में भर्ती करवाया। पुलिस मामले में जांच कर रही है। मोहित कुख्यात गैंगस
.
घायल आरोपी की पहचान मोहित उर्फ बाबा पुत्र जयभगवान निवासी गांव कथूरा सोनीपत के रूप में हुई, जो किसी वारदात को अंजाम देने के लिए घूम रहा था। पुलिस को सूचना मिली थी, जिसके बाद एवीटी स्टाफ की टीम मौके पर पहुंची और आरोपी को रूकने का इशारा किया। आरोपी ने पुलिस टीम को देखते ही फायरिंग शुरू कर दी।
जिसके बाद पुलिस की जवाबी कार्रवाई में बदमाश के पैर में गोली लगने से बदमाश घायल हो गया। यह वही मोहित है जिसने 29 अक्टूबर 2025 को करनाल के अल्फा सिटी स्थित एक ऑफिस पर अपने साथियों के साथ करीब 50 राउंड फायरिंग की थी, जिसके बाद से ही वह फरार चल रहा था। पुलिस लगातार उसकी तलाश में थी।
बदमाश मोहित उर्फ बाबा ने करनाल के अल्फा सिटी में फायरिंग की थी।
कारतूस समेत देसी पिस्तौल बरामद
पुलिस को सूचना मिली थी कि मोहित रोहतक में किसी बड़ी फायरिंग वारदात की योजना बना रहा है और सोनीपत जिले के एक सरपंच की हत्या की साजिश भी रच रहा है। आज शाम लगभग 7:45 बजे, थाना आईएमटी रोहतक क्षेत्र में पुलिस टीम ने संदिग्ध व्यक्ति को रोकने की कोशिश की। रोकने पर आरोपी मोहित ने पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई के दौरान आरोपी मोहित गोली लगने से घायल हो गया। पुलिस ने तुरंत उसे अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उसका उपचार जारी है। पुलिस ने मौके से एक देसी पिस्तौल, चार जिंदा कारतूस, दो खाली खोल और एक बाइक बरामद की।
बदमाश के खिलाफ पहले से कई केस
मोहित पर कई जिलों में गंभीर आपराधिक मामले दर्ज हैं, जिनमें लूट, अपहरण, हत्या के प्रयास और अवैध हथियारों की तस्करी जैसे अपराध शामिल हैं। वह पहले भी अपहरण के एक मामले में 7 साल की सजा काट चुका है।

पीजीआई में एडमिट आरोपी मोहित उर्फ बाबा।
वांछित अपराधियों की लिस्ट में शामिल रहा आरोपी
SP सुरेन्द्र सिंह भौरिया ने बताया कि एवीटी स्टाफ की टीम ने मुठभेड़ के बाद एक युवक को काबू किया। आरोपी युवक कई जघन्य वारदातों में शामिल रहा और कई जिलों की पुलिस की वांछित अपराधियों की लिस्ट में शामिल रहा है। आरोपी को इलाज के लिए पीजीआईएमएस में दाखिल कराया गया, जहां आरोपी युवक की हालत स्थिर है।
आरोपी के खिलाफ ये केस आए सामने
आरोपी के खिलाफ 2018 में धारा 379, 34 भा.द.स. थाना गन्नौर सोनीपत, 2018 में धारा 398/401 भा.द.स. थाना गन्नौर सोनीपत, 2018 में धारा 379/34 भा.द.स. थाना मुरथल सोनीपत, 2023 में धारा 379 बी, 365, 34 भा.द.स. थाना चांदनी बाग पानीपत, 2023 में धारा 379 ए भा.द.स. व शस्त्र अधिनियम थाना शिवाजी कॉलोनी रोहतक, 2023 में धारा 307, 506, 120 बी, 34 भा.द.स. थाना बादली झज्जर, 2023 में शस्त्र अधिनियम थाना सदर झज्जर, 2025 में धारा 109(1), 3(5) बीएनएस व शस्त्र अधिनियम थाना सदर करनाल में केस दर्ज है।
