मरवाही में सोननदी से रेत भरकर ले जा रहे एक ट्रैक्टर से गिर जाने के कारण एक युवक की मौत हो गई। यह हादसा मरवाही थाना क्षेत्र के परासी गांव में हुआ। मृतक युवक की पहचान परासी निवासी अनिल कुमार के रूप में हुई है।
.
जानकारी के अनुसार, अनिल कुमार ट्रैक्टर में काम करने गया था। रेत परिवहन के दौरान वह अचानक वाहन से नीचे गिर गया। इस दौरान ट्रैक्टर के पिछले पहिए के नीचे आने से उसकी मौके पर ही मौत हो गई।घटना की सूचना मिलते ही मरवाही थाना पुलिस मौके पर पहुंची।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा कार्रवाई की और मामले की जांच शुरू कर दी है।
दूसरी घटना में युवक घायल अवस्था में मिला
एक अन्य घटना में, चलचली मोड लोहारी में एक युवक घायल अवस्था में पड़ा था, जिसका जबड़ा टूट गया था। लगभग 50 लोग वहां खड़े थे, लेकिन कोई उसकी मदद नहीं कर रहा था। इसी दौरान मनेंद्रगढ़ की ओर से आ रहे कांग्रेस प्रवक्ता वीरेंद्र सिंह बघेल ने युवक को अपनी गाड़ी में बैठाकर अस्पताल पहुंचाया।
उन्होंने बीएमओ मरवाही और सीएमएचओ से बात कर युवक का संपूर्ण इलाज सुनिश्चित करवाया। घायल युवक की पहचान साधवानी के बेटे के रूप में हुई है।
