झब्बाल रोड फताहपुर स्थित माता बगलामुखी मंदिर में मूर्ति स्थापना दिवस मनाया। इस मौके मंदिर के महंत दुर्गा दास की अध्यक्षता और संगत के सहयोग से मनाए मंदिर स्थापना दिवस में कई भक्त माथा टेकने पहुंचे।
.
पंडित धीरज शर्मा ने सबसे पहले मंत्रोच्चारण शुरू किया। सुबह 8 से लेकर रात तक चले स्थापना दिवस समारोह में नवग्रह पूजा करके हवन यज्ञ शुरू किया। पंडितों और भक्तों के साथ मिलकर यज्ञशाला में एक हजार से ज्यादा आहुतियां डालीं। हवन यज्ञ में देसी घी, हवन सामग्री, नारियल और पूजा का सामान डाला गया। इसके बाद मां बगलामुखी जी की प्रतिमा का देसी घी, दुध, शक्कर, दही, गंगाजल, शहद से पंचामृत स्नान करवाया। जिसके बाद माता जी का सुंदर शृंगार किया। सारे मंदिर को रंग-बिरंगी रोशनी और अलग-अलग फूलों से सजाया। इसी बीच भक्तों ने मिलकर मां बगलामुखी का पाठ किया। सुबह शृंगार के बाद जैसे ही मां बगलामुखी जी के दर्शनों को पंडितों ने कपाट खोले तो भक्तों का तांता लग गया। हाथों में पूजा सामग्री लेकर भक्तों ने मां को फलों और मिठाई का भोग लगाया।
सुबह से लेकर रात तक शहर के कई भक्त और नेता माथा टेकने मंदिर में पहुंचे। इस मौके पर विधायक डॉ. अजय गुप्ता मुख्य रूप से शामिल हुए। उन्होंने मां बगलामुखी जी के आगे माथा टेककर आशीर्वाद लिया। रात को कई भजन मंडलियों ने माता बगलामुखी का गुणगान किया। अंत में माता की महाआरती करके समारोह का समापन किया। इस मौके पर दाऊ दयाल शास्त्री, पंकज शर्मा, कृष्णा, रमेश शर्मा, सुरेश राणा, पार्वती देवी, सुमन लता समेत कई भक्तजन मौजूद रहे।
