जितेन्द्र कुमार | चित्रकूट2 मिनट पहले
- कॉपी लिंक
चित्रकूट धाम मंडल बांदा के मंडलायुक्त और जनपद चित्रकूट के नोडल अधिकारी अजीत कुमार की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में विकास कार्यों और कानून व्यवस्था की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। इस बैठक में जिलाधिकारी पुलकित गर्ग, पुलिस अधीक्षक अरुण कुमार सिंह, मुख्य विकास अधिकारी डीएन पांडे सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
बैठक के दौरान पूर्व में दिए गए निर्देशों के अनुपालन की विस्तृत समीक्षा की गई। मंडलायुक्त ने स्पष्ट निर्देश दिए कि विधायक एवं अन्य जनप्रतिनिधियों से प्राप्त होने वाली शिकायतों का निस्तारण गुणवत्तापूर्ण और समयबद्ध तरीके से सुनिश्चित किया जाए।
विद्युत विभाग की समीक्षा में बताया गया कि सितंबर माह में क्षतिग्रस्त हुए 314 ट्रांसफार्मरों को बदल दिया गया है। ग्रामीण क्षेत्रों में रोस्टर के अनुसार 21 घंटे विद्युत आपूर्ति की जा रही है। हालांकि, कुछ स्थानों पर लो वोल्टेज की समस्या सामने आई, जिसे तत्काल दूर करने के निर्देश दिए गए।

पानी की समस्या पर मंडलायुक्त सख्त
जल जीवन मिशन के तहत कोल गदहिया में पानी की समस्या पर मंडलायुक्त ने सख्त रुख अपनाया। उन्होंने निर्धारित समय-सीमा के भीतर जलापूर्ति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। स्वच्छ भारत मिशन के अंतर्गत निर्मित सभी सार्वजनिक शौचालयों को अनिवार्य रूप से खुलवाने पर भी जोर दिया गया।
स्वास्थ्य सेवाओं की समीक्षा करते हुए मंडलायुक्त ने मुख्य चिकित्सा अधिकारी को निर्देशित किया कि किसी भी मरीज को बाहर रेफर न किया जाए। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों (सीएचसी) और प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों (पीएचसी) पर डॉक्टरों एवं कर्मचारियों की समय पर उपस्थिति, साथ ही कंबल, हीटर, अलाव, जनरेटर, सीसीटीवी कैमरे और साफ-सफाई की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।

इसके अतिरिक्त, डॉक्टरों द्वारा बाहर की दवाएं न लिखने और मेडिकल स्टोरों पर एक्सपायरी दवाओं की नियमित जांच कराने को कहा गया। पशुपालन विभाग को ठंड से बचाव के लिए गोवंशों की उचित देखभाल, समय पर टीकाकरण और चरवाहों को वेतन भुगतान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
लोक निर्माण विभाग को नई सड़कों के निर्माण कार्य चुनाव से पहले निर्धारित समय में पूरा करने और विभागीय समन्वय के साथ जिम्मेदारी तय करने के निर्देश मिले। वाल्मीकि आश्रम में पर्यटन कार्यों में गुणवत्तापूर्ण सामग्री के उपयोग पर भी विशेष बल दिया गया।
