नई दिल्ली14 मिनट पहलेलेखक: मुकेश कौशिक
- कॉपी लिंक
देश की राजधानी दिल्ली चौतरफा सुरक्षा सिस्टम से लैस होने जा रही है। इसे कैपिटल डोम नाम दिया गया है। ऑपरेशन सिंदूर के वक्त पाकिस्तान ने दिल्ली पर मिसाइलें दागी थीं, लेकिन हमारे स्वदेशी एयर डिफेंस सिस्टम ने इसे हवा में ही मार गिराया था।
इसी के बाद दिल्ली को अलग से एक ‘सुदर्शन चक्र’ का सुरक्षा घेरा देने पर मंथन किया गया। फिलहाल यह सिस्टम लगभग तैयार है। रक्षा अनुसंधान एवं विकास संगठन (DRDO) की अगुवाई में जिस डिफेंस सिस्टम को तैयार किया जा रहा है, उसमें दिल्ली के चारों ओर तीन सुरक्षा घेरे होंगे।
इन्हें आउटर, मिडिल और इनर रिंग नाम दिया गया है। ये दिल्ली की सरकारी इमारतों, हवाई अड्डों जैसे महत्वपूर्ण प्रतिष्ठानों और उनके आसपास तैनात होंगे। आउटर रिंग में सिग्नल सिस्टम तो मिडिल में मिसाइलें तैनात होंगी। ये दुश्मन की हर रेंज की मिसाइलों, ड्रोन्स, लड़ाकू विमानों या लायटरिंग एम्युनिशन को नाकाम कर देगा।
ऐसे काम करेंगे दिल्ली के सुरक्षा घेरे…
आउटर रिंग: वॉच टावर या डिटेक्शन एंड कमांड नेटवर्क सिग्नल सेंटर। एनसीआर के इर्द-गिर्द रडार, कैमरों और सेंसरों का पूरा नेटवर्क होगा, जो सुपर विजिलेंट कैमरों की तरह खतरों पर निगाह रखेगा। आसमानी खतरा देखते ही तय करेगा कि कौन सी रिंग इसे नाकाम करे। उसे सिग्नल भेज देगा।
इनर रिंग: इसमें वैरी शॉर्ट रेंज एयर डिफेंस सिस्टम होगा। यदि 6 किमी नीचे उड़ान भर रहा कोई जेट या मिसाइल आउटर या मिडिल रिंग को चकमा देकर आता है तो वीशोर्ड्स अटैक करेगा। इस सिस्टम को कंधे पर ले जा सकते हैं। यह पॉइंट ऐम एंड फायर तकनीक पर काम करेगा।
मिडिल रिंग: स्नाइपर स्क्वॉड। इसमें क्विक रिएक्शन सरफेस टू एयर मिसाइलें होंगी। स्पीड मैक-2 रहेगी। दुश्मन के जेट या क्रूज मिसाइल से हमला होते ही यह सक्रिय होगा। ट्रग पर लगे लॉन्चर्स से 30 किमी ऊंचाई पर टारगेट करेंगी। दुश्मन मिसाइल को हवा में ही मार गिराएंगी।
सॉफ्ट किल सिस्टम भी लगे होंगे कमांड सेंटर में सॉफ्ट किल सिस्टम भी होंगे, जिसमें जैमिंग प्रणाली और लेजर किरणों से हमलावर सिस्टम को निष्फल किया जा सकेगा। पूरा सिस्टम मोबाइल होगा और इसे समय के साथ अपग्रेड किया जा सकेगा। इंटीग्रेटेड एयर डिफेंस सिस्टम को रूसी मिसाइल रोधी प्रणाली एस–400 से भी जोड़ा जाएगा। यह सिस्टम पूरी तरह स्वदेश में विकसित किया जा रहा है। बाद में इसी के इर्दगिर्द सुदर्शन चक्र का जाल बुना जाएगा।
दिल्ली की सुरक्षा क्यों, 500 से ज्यादा सरकारी प्रतिष्ठान दिल्ली की सुरक्षा भी इसलिए खास है क्योंकि यहां 500 से ज्यादा सरकारी प्रतिष्ठान हैं। इसमें केंद्र सरकार, दिल्ली सरकार, PSU और संवैधानिक संस्थान शामिल हैं। दिल्ली देश का प्रशासनिक केंद्र होने के कारण सबसे ज्यादा सरकारी दफ्तर यहीं हैं।
सरकारी प्रतिष्ठान
- राष्ट्रपति भवन
- प्रधानमंत्री कार्यालय (PMO)
- संसद भवन (लोकसभा–राज्यसभा)
- सुप्रीम कोर्ट
सिक्योरिटी हेडऑफिस
- दिल्ली पुलिस
- CRPF मुख्यालय
- BSF मुख्यालय
- CISF मुख्यालय
- CBI मुख्यालय
- NIA मुख्यालय
- RAW (रिसर्च एंड एनालिसिस विंग)
- इंटेलिजेंस ब्यूरो (IB)
————————-
ये खबर भी पढ़ें…
दिल्ली गैस चैम्बर बनी, 228 फ्लाइट कैंसिल: AQI 500 तक, इससे ज्यादा आंकड़े दर्ज नहीं होते

दिल्ली-एनसीआर में सोमवार को जहरीले स्मॉग की परत छाई रही। एयर क्वॉलिटी इंडेक्स (AQI) ‘गंभीर’ श्रेणी में पहुंच गया। केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (सीपीसीबी) के अनुसार दिल्ली के 40 में से 27 निगरानी केंद्रों पर हवा ‘गंभीर’ दर्ज की गई। वजीरपुर में AQI 500 तक पहुंच गया, जो अधिकतम सीमा है। सीपीसीबी के मुताबिक 500 से ऊपर AQI दर्ज नहीं किया जाता। पूरी खबर पढ़ें…
