जानकारी देते हुए डीएसपी सुखबीर सिंह
तरनतारन पुलिस ने शहर में लूटपाट की कई वारदातों में शामिल दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इनके पास से एक खिलौना पिस्तौल, एक दरांती और चोरी की एक एक्टिवा स्कूटर बरामद की गई है। पुलिस ने यह कार्रवाई विशेष अभियान के तहत की।
.
फिरोजपुर रेंज के डीआईजी स्नेहदीप शर्मा व तरनतारन के एसएसपी सुरेंद्र लांबा के सुपरविजन में यह अभियान चलाया गया। सब-इंस्पेक्टर अमरीक सिंह और उनकी टीम को मानव और तकनीकी खुफिया जानकारी मिली थी।
ये वारदातें कुबूल कीं
इसके आधार पर राहुल कुमार उर्फ बिल्ली और शमशेर सिंह उर्फ शेरा को मोहल्ला नानकसर, तरनतारन से गिरफ्तार किया गया। पूछताछ के दौरान आरोपियों ने कई वारदातों का खुलासा किया। उन्होंने 12 दिसंबर 2024 को अनमोल मेडिकल स्टोर पर लूट की थी। इसके अलावा, 13 दिसंबर 2024 को गुरु तेग बहादुर नगर में चीफ मेडिकल स्टोर के मालिक से 8000 रुपए लूटे थे।
पहले से दर्ज हैं कई मामले
आरोपियों ने जंडियाला रोड फाटक के पास एक किराना स्टोर और चार खंबा चौक के पास एक महिला से सोने की चेन भी छीनी थी। इन आरोपियों ने झबाल रोड स्थित गुरुद्वारा बाबा बोटा सिंह बाबा गरजा सिंह के पास एक व्यक्ति से 30,000 रुपए भी लूटे थे। आरोपी राहुल कुमार उर्फ बिल्ली के खिलाफ पहले भी कई आपराधिक मामले दर्ज हैं। पुलिस आगे की कार्रवाई कर रही है।
