अनुज कौशिक | जालौन2 मिनट पहले
- कॉपी लिंक
जालौन के कुठौंद थाना क्षेत्र में इलाज के दौरान एक 28 वर्षीय महिला की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। परिजनों ने एक निजी क्लिनिक पर गलत इलाज और गलत इंजेक्शन लगाने का गंभीर आरोप लगाया है। घटना के बाद क्लिनिक संचालक ताला लगाकर मौके से फरार हो गए।
कुठौंद थाना क्षेत्र के इटहा कालपी गांव निवासी दिनेश कुमार दोहरे शुक्रवार देर शाम करीब 4 बजे अपनी पत्नी ज्योति देवी (28) को इलाज के लिए कस्बा कुठौंद के टावर मोहल्ला स्थित राधा रानी क्लिनिक लेकर पहुंचे थे।
परिजनों का आरोप है कि क्लिनिक में इलाज के दौरान गलत इंजेक्शन लगाए जाने से ज्योति की हालत अचानक बिगड़ गई। स्थिति गंभीर होने पर क्लिनिक संचालक ने बिना समुचित इलाज के महिला को अपनी निजी गाड़ी से जिला मुख्यालय औरैया रेफर कर दिया।

बताया जा रहा है कि औरैया ले जाते समय रास्ते में ही ज्योति देवी ने दम तोड़ दिया। महिला की मौत से आक्रोशित परिजन शव को वापस राधा रानी क्लिनिक लेकर पहुंचे और परिसर में रखकर अस्पताल प्रबंधन के खिलाफ विरोध प्रदर्शन किया। परिजनों ने क्लिनिक संचालक और स्टाफ पर लापरवाही तथा गलत इलाज का आरोप लगाते हुए कार्रवाई की मांग की।

सूचना मिलते ही प्रभारी निरीक्षक थाना कुठौंद अजय कुमार पाठक पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और स्थिति को संभाला। कुछ ही देर में क्षेत्राधिकारी जालौन शैलेंद्र बाजपेई भी घटनास्थल पर पहुंच गए और पूरे मामले की जानकारी ली। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा की कार्रवाई शुरू कर दी है तथा पोस्टमॉर्टम के लिए भेजे जाने की प्रक्रिया की जा रही है। घटना के बाद राधा रानी क्लिनिक का संचालन करने वाले जिम्मेदार ताला लगाकर फरार हो गए। पुलिस का कहना है कि पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।
