![]()
बिहार के उपमुख्यमंत्री एवं भूमि सुधार एवं राजस्व मंत्री विजय कुमार सिन्हा ने कहा है कि राज्य सरकार का उद्देश्य भूमि सुधार व्यवस्था को पूरी तरह पारदर्शी और जनहितकारी बनाना है, ताकि आम लोगों को दफ्तरों के चक्कर न लगाने पड़ें। उन्होंने अधिकारियों को निर
.
वे शुक्रवार को पूर्णिया में आयोजित भूमि सुधार जनकल्याण संवाद और विभागीय समीक्षा बैठक में शामिल होने से पहले एनडीए कार्यकर्ताओं द्वारा आयोजित स्वागत कार्यक्रम के दौरान मीडिया से बातचीत कर रहे थे।
कुर्सेला चौक पर हुआ जोरदार स्वागत
इससे पहले गुरुवार रात उपमुख्यमंत्री विजय कुमार सिन्हा का कुर्सेला चौक पर एनडीए कार्यकर्ताओं ने गर्मजोशी से स्वागत किया। वे पटना से पूर्णिया जिले के भ्रमण कार्यक्रम पर रवाना हो रहे थे। स्वागत के दौरान बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे और फूल-मालाओं के साथ उनका अभिनंदन किया गया। इस दौरान स्थानीय समस्याओं और जनहित से जुड़े मुद्दों पर संक्षिप्त चर्चा भी हुई।
एनडीए नेता मिलन कुमार ने कहा कि उपमुख्यमंत्री का यह दौरा क्षेत्र के विकास एवं जनकल्याण से जुड़े मुद्दों को नई दिशा देगा।
भूमि सुधार संवाद और समीक्षा बैठक में होंगे शामिल
पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार उपमुख्यमंत्री पूर्णिया के प्रेक्षा गृह-सह-आर्ट गैलरी में आयोजित भूमि सुधार जनकल्याण संवाद में हिस्सा लेंगे। कार्यक्रम में लोगों को भूमि सुधार, जमाबंदी, दाखिल-खारिज सहित राजस्व संबंधी प्रक्रियाओं की जानकारी दी जाएगी और शिकायतें सुनकर समाधान पर जोर दिया जाएगा।
इसके साथ ही वे महानंदा सभागार में विभागीय अधिकारियों व कर्मियों के साथ समीक्षा बैठक कर विभागीय योजनाओं की प्रगति तथा लंबित मामलों के निष्पादन की समीक्षा करेंगे।
उपमुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार पारदर्शिता, जवाबदेही और जनसेवा को सर्वोच्च प्राथमिकता दे रही है, ताकि आम लोगों को राहत मिल सके।
