गिरिडीह नगर थाना क्षेत्र के अरगाघाट मोहल्ले में शनिवार को साइकिल चोरी करते एक युवक को स्थानीय लोगों ने पकड़ लिया। लोगों ने उसकी पिटाई की और फिर उसे पुलिस के हवाले कर दिया।
.
जानकारी के अनुसार, अरगाघाट निवासी रामकिशन यादव का घर खुला था और परिवार के सदस्य खटाल तथा घरेलू कामों में व्यस्त थे। इसी दौरान युवक घर में घुस गया और एक साइकिल लेकर भागने की कोशिश करने लगा। उसकी हरकतों पर शक होने पर स्थानीय लोगों ने उसे रोका। पूछताछ में युवक घबरा गया, जिसके बाद लोगों ने उसे पकड़ लिया।
कुछ दिन पहले भी इसी घर में चोरी हुई थी
सूचना मिलने पर नगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और युवक को हिरासत में लेकर थाने ले गई। स्थानीय लोगों ने बताया कि कुछ दिन पहले भी इसी घर में चोरी हुई थी। लगातार हो रही इन घटनाओं से मोहल्ले में भय और आक्रोश है। लोगों ने पुलिस प्रशासन से रात्रि गश्ती बढ़ाने और असामाजिक तत्वों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।
थाना प्रभारी ने की कानून अपने हाथ में न लेने की अपील
इस संबंध में नगर थाना प्रभारी ज्ञान रंजन कुमार ने बताया कि फिलहाल इस मामले में कोई लिखित शिकायत नहीं मिली है। आवेदन मिलने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। पुलिस अपने स्तर पर मामले की जांच कर रही है। उन्होंने आम लोगों से कानून अपने हाथ में न लेने और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को देने की अपील की।
