कोडरमा जिले में मंगलवार को आंशिक रूप से बिजली गुल रहेगी। दामोदर वैली कॉर्पोरेशन (डीवीसी) द्वारा अनुरक्षण कार्य के कारण यह स्थिति बनेगी। विद्युत विभाग के कार्यपालक अभियंता रणधीर कुमार सिंह ने इस संबंध में एक आदेश जारी किया है। आदेश के अनुसार, केटीपीएस स्थित 315 एमवीए, 400/220/33 केवी ग्रिड में आईसीटी 2 के आवश्यक अनुरक्षण और तकनीकी निरीक्षण कार्य के लिए मंगलवार सुबह 6 बजे से रात 8 बजे तक आपातकालीन शटडाउन लिया जाएगा। इस शटडाउन के कारण कोडरमा जिले में 50% लोड प्रतिबंध लागू रहेगा। गौशाला, साईं, डोईयाडीह, लोकाई, धाबी, डोमचांच, मरकच्चो, देवीपुर और कुंडी धनवार विद्युत शक्ति उपकेंद्रों से जुड़े उपभोक्ताओं को आंशिक रूप से बिजली कटौती का सामना करना पड़ेगा। कार्यपालक अभियंता ने बताया कि सतगांवां, जयनगर और चंदवारा प्रखंडों के विद्युत उपभोक्ताओं के लिए मंगलवार सुबह 10 बजे से शाम 6 बजे तक पूर्ण रूप से बिजली आपूर्ति बाधित रहेगी। इस अवधि में मसनोडीह, डोमचांच से पिहरा ग्राम तक के घने जंगलों में 33 केवी मुख्य लाइन से पेड़ों की टहनियों की छटाई की जाएगी। साथ ही, सतगांवां और डोमचांच के बीच लगभग 60 किलोमीटर लंबी 33 केवी लाइन का अनुरक्षण कार्य भी किया जाएगा। इसके अतिरिक्त, चंदवारा, जयनगर प्रखंड और हजारीबाग जिले के चलकुशा प्रखंड में 33 केवी और 11 केवी संरक्षण लाइनों का अनुरक्षण तथा लाइन से सटे पेड़ों की टहनियों की छंटाई का कार्य भी होगा। कोडरमा प्रखंड में विद्युत आपूर्ति एक-एक घंटे की लोड शेडिंग के साथ की जाएगी, ताकि उपभोक्ता अपनी आवश्यकतानुसार कार्य कर सकें। कार्यपालक अभियंता ने बताया कि अगले एक महीने में बारिश का मौसम शुरू होने वाला है। बरसात के दौरान हाई वोल्टेज तारों से सटे पेड़ों में करंट दौड़ने से जानमाल का नुकसान होने का खतरा रहता है। इसी को ध्यान में रखते हुए, बरसात से पहले यह अनुरक्षण कार्य पूरा किया जा रहा है, ताकि लोगों को किसी प्रकार की असुविधा न हो।
Source link
