भागलपुर जिले के तरैटा गांव में जल संकट उत्पन्न हो गया है। जल-नल योजना के तहत लगे बोरिंग का मोटर खराब होने से वार्ड संख्या एक में पिछले दस दिनों से पानी की आपूर्ति पूरी तरह ठप है। इससे गांव के हजारों किसान और ग्रामीण गंभीर परेशानी का सामना कर रहे हैं।
.
फसलों की सिंचाई प्रभावित
ग्रामीणों के अनुसार, ग्रामीण गुड्डू कुमार ने बताया कि बोरिंग का मोटर 28 दिसंबर को खराब हो गया था। पहले भी मोटर खराब होने पर पंचायत के मुखिया की ओर मरम्मत कराई गई थी, लेकिन ठीक से काम नहीं होने के कारण मोटर दोबारा खराब हो गया।
किसानों का कहना है कि हजारों लोग एक ही बोरिंग पर निर्भर हैं, जो अब पर्याप्त नहीं है। पानी नहीं मिलने से फसलों की सिंचाई प्रभावित हो रही है, जिससे उन्हें आर्थिक नुकसान का डर सता रहा है। कई ग्रामीण दूर-दराज के इलाकों से पानी लाने को मजबूर हैं, जिससे महिलाओं और बुजुर्गों को विशेष कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है।
समय रहते समस्या के समाधान की मांग
ग्रामीणों ने प्रशासन और पंचायत प्रतिनिधियों से जल्द से जल्द खराब मोटर को बदलवाने और गांव में एक अतिरिक्त बोरिंग की व्यवस्था करने की मांग की है। उनका कहना है कि अगर समय रहते समाधान नहीं किया गया, तो हजारों किसानों को पानी के लिए भटकना पड़ेगा।
