- Hindi News
- National
- Weather Photos Update; Rajasthan Mumbai Rainfall | MP UP Kanpur Cold Wave Alert Kashmir Snowfall
नई दिल्ली/भोपाल/लखनऊ12 मिनट पहले
- कॉपी लिंक
पहाड़ों में बर्फबारी के बाद मैदानी इलाकों में ठंड बढ़ गई है। जम्मू-कश्मीर और हिमाचल प्रदेश के ऊंचाई वाले इलाकों में शनिवार को तापमान शून्य से नीचे चला गया, जबकि दिल्ली, पंजाब, हरियाणा और राजस्थान समेत मैदानी इलाकों में ठंड के साथ घना कोहरा छाया रहा। मौसम विभाग ने आने वाले दिनों में ठंड और बढ़ने की चेतावनी दी है।
मध्य प्रदेश के भोपाल में सर्दी के इस सीजन में पहली बार पूरे दिन घना कोहरा रहा। 11 शहरों में दिन का तापमान 20 डिग्री से नीचे रहा। मौसम विभाग के अनुसार अगले 15 दिन शीतलहर का अलर्ट है।
राजस्थान के सीकर, हनुमानगढ़ समेत 10 जिलों में भी शुक्रवार को घना कोहरा छाया रहा। पिछले 24 घंटों में सीकर जिले का फतेहपुर प्रदेश का सबसे ठंडा स्थान रहा, जहां न्यूनतम तापमान 2.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
इधर, राजधानी दिल्ली में आने वाले दिनों में घना से मध्यम कोहरा बना रह सकता है। मौसम विभाग ने रविवार के लिए घने कोहरे का यलो अलर्ट जारी किया है। शनिवार को दिल्ली का अधिकतम तापमान 17.3 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 8.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो औसत से 1.2 डिग्री ज्यादा रहा।
उधर, कश्मीर घाटी में कड़ाके की ठंड है। घाटी के अधिकतर इलाकों में न्यूनतम तापमान शून्य से नीचे दर्ज किया गया है। शनिवार को उत्तर कश्मीर का गुलमर्ग सबसे ठंडा रहा, जहां तापमान माइनस 6.5 डिग्री सेल्सियस तक गिर गया।
राज्यों में मौसम की 4 तस्वीरें…

राजस्थान के सीकर में शनिवार को कोहरा छाया रहा। जिले का फतेहपुर प्रदेश का सबसे ठंडा स्थान रहा

उत्तराखंड के पिथौरागढ़ जिले के धारचूला में शनिवार शाम बर्फबारी हुई।

जम्मू-कश्मीर के शोपियां में शुक्रवार को बर्फबारी के बाद रास्ते बंद हो गए।

मध्य प्रदेश के भोपाल में शनिवार को सर्दी के इस सीजन में पहली बार पूरे दिन घना कोहरा रहा।

अगले 2 दिन मौसम का हाल…
5 जनवरी: पहाड़ी राज्यों में भारी बर्फबारी
- पंजाब, हरियाणा, उत्तर प्रदेश, राजस्थान, बिहार, मध्य प्रदेश, झारखंड, छत्तीसगढ़ में घने कोहरे का अलर्ट।
- जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड के निचले इलाकों में बारिश हो सकती है।
6 जनवरी: मैदानी राज्यों में बारिश
- पंजाब, हरियाणा, उत्तर प्रदेश, राजस्थान, बिहार, मध्य प्रदेश में बारिश का अलर्ट, जिससे ठंड बढ़ सकती है।
- पहाड़ी राज्यों के निचले इलाकों में हल्की बारिश, जबकि ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी हो सकती है।

