बोगोटा19 मिनट पहले
- कॉपी लिंक
वेनेजुएला में अमेरिका की सैन्य कार्रवाई के बाद अमेरिका और लैटिन अमेरिका के देशों के बीच तनाव बहुत ज्यादा बढ़ गया है। इस पूरे मामले में अब कोलंबिया के राष्ट्रपति गुस्तावो पेट्रो ने अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प को खुली चुनौती दी है। पेट्रो ने ट्रम्प से कहा है कि अगर हिम्मत है तो आओ और मुझे पकड़कर दिखाओ, मैं यहीं हूं और तुम्हारा इंतजार कर रहा हूं।
कोलंबियाई राष्ट्रपति ने सोमवार को कहा कि अगर अमेरिका कोलंबिया या आसपास के इलाकों में हमला करता है तो इसका बहुत बड़ा असर होगा। उन्होंने कहा कि अगर अमेरिका बमबारी करता है तो गांवों में रहने वाले किसान हथियार उठा सकते हैं और पहाड़ों में जाकर गुरिल्ला लड़ाई शुरू हो सकती है।
पेट्रो ने यह भी चेतावनी दी कि अगर उस राष्ट्रपति को गिरफ्तार करने की कोशिश की गई, जिसे देश की बड़ी आबादी पसंद करती है और सम्मान देती है, तो जनता का गुस्सा फूट पड़ेगा और हालात बेकाबू हो जाएंगे।
इससे पहले वेनेजुएला के राष्ट्रपति निकोलस मादुरो ने भी अगस्त महीने में ट्रम्प को चुनौती दी थी और कहा था कि अगर हिम्मत है तो आकर उन्हें गिरफ्तार करके दिखाएं। इसके बाद अमेरिका ने मादुरो की गिरफ्तारी पर इनाम की रकम और बढ़ा दी थी।
पेट्रो बोले- देश के लिए फिर हथियार उठा सकता हूं
गुस्तावो पेट्रो ने यह भी कहा कि वे खुद पहले गुरिल्ला आंदोलन का हिस्सा रह चुके हैं और उन्होंने 1990 के दशक में हथियार छोड़ दिए थे। उन्होंने कहा कि उन्होंने कसम खाई थी कि अब कभी बंदूक नहीं उठाएंगे, लेकिन अगर देश और मातृभूमि की रक्षा के लिए जरूरत पड़ी तो वे फिर से हथियार उठा सकते हैं।
इससे पहले ट्रम्प ने कोलंबिया पर गंभीर आरोप लगाए थे। रविवार को पत्रकारों से बात करते हुए ट्रम्प ने कहा था कि कोलंबिया एक बीमार देश है और वहां एक ऐसा शख्स शासन कर रहा है जो कोकीन बनाकर अमेरिका भेजता है।
ट्रम्प ने यह भी कहा कि यह राष्ट्रपति ज्यादा समय तक सत्ता में नहीं रहेगा। इतना ही नहीं, ट्रम्प ने यह बयान भी दिया कि कोलंबिया के खिलाफ सैन्य कार्रवाई करना उन्हें एक अच्छा विचार लगता है।
कोलंबिया बोला- किसी को धमकी देना सही नहीं
कोलंबिया सरकार ने इन बयानों पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा है कि वह अंतरराष्ट्रीय रिश्तों में बातचीत, सहयोग और आपसी सम्मान में विश्वास रखती है। सरकार ने साफ शब्दों में कहा कि किसी भी देश को धमकी देना या ताकत का इस्तेमाल करना सही नहीं है और यह अंतरराष्ट्रीय नियमों के खिलाफ है।
गौरतलब है कि इससे पहले अक्टूबर महीने में ट्रम्प प्रशासन ने कोलंबियाई राष्ट्रपति पेट्रो और उनके परिवार के कुछ सदस्यों पर ड्रग तस्करी से जुड़े संबंधों के आरोप लगाते हुए प्रतिबंध लगाए थे।
कोलंबिया दुनिया का सबसे बड़ा कोकीन उत्पादक देश माना जाता है। कोकीन बनाने के लिए इस्तेमाल होने वाला कोका पौधा कोलंबिया, पेरू और बोलीविया जैसे देशों में उगाया जाता है।
व्हाइट हाउस ने मादुरो से जुड़ा वीडियो शेयर किया
व्हाइट हाउस ने रविवार को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक वीडियो जारी किया, जिसमें मादुरो के पुराने बयानों और अमेरिकी कार्रवाई के वीडियो दिखाए गए।
इस वीडियो में अमेरिका के रक्षा मंत्री पीट हेगसेथ की टिप्पणी भी शामिल थी, जिसमें उन्होंने कहा कि मादुरो को मौका दिया गया था, लेकिन उन्होंने उसे गंवा दिया और अब उन्हें इसके नतीजे भुगतने पड़ रहे हैं।
इस वीडियो में मादुरो को अमेरिका को चुनौती देते हुए दिखाया गया है। इसके साथ ही उस सैन्य कार्रवाई की फुटेज भी शामिल है, जिसमें अमेरिकी सेना ने मादुरो और उनकी पत्नी सिलिया फ्लोरेस को पकड़ने के लिए छापा मारा। यह वीडियो कुल 61 सेकंड का है। वीडियो में राष्ट्रपति ट्रंप की वेनेजुएला पर की गई कार्रवाई को लेकर प्रेस कॉन्फ्रेंस के सीन भी दिखाए गए हैं।
—————-
यह खबर भी पढ़ें…
अमेरिकी ऑपरेशन में जख्मी हुईं मादुरो की पत्नी:आंखों में जख्म, पसलियों में फ्रैक्चर; सैनिकों ने बेडरूम से खींचकर निकाला था

अमेरिकी सेना के वेनेजुएला ऑपरेशन में अपदस्थ राष्ट्रपति निकोलस मादुरो की पत्नी सिलिया फ्लोरेस को काफी चोटें आई हैं। न्यूयॉर्क पोस्ट की रिपोर्ट के मुताबिक 69 साल की फ्लोरेस जब सोमवार को न्यूयॉर्क कोर्ट में पेश हुईं तब उनके चेहरे पर दो पट्टियां लगी थीं। एक पट्टी आंख के ऊपर और दूसरी माथे पर थी। पढ़ें पूरी खबर…
