मुख्य बातें

मुंगेली के नवागांव धान खरीदी केंद्र में अनियमितता: प्रभारी और ऑपरेटर निलंबित, कलेक्टर ने दी कड़ी चेतावनी; कहा- गड़बड़ी बर्दाश्त नहीं होगी – Mungeli News



मुंगेली जिले के नवागांव (ची.) धान उपार्जन केंद्र में गंभीर अनियमितता सामने आई है। राज्य स्तर से मिली एक अलर्ट सूचना के आधार पर की गई जांच में यह खुलासा हुआ। इस मामले में खरीदी प्रभारी और कंप्यूटर ऑपरेटर को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है।

.

अलर्ट में बताया गया था कि जारी डीओ (डिलीवरी ऑर्डर) के अनुसार मिलर को कम धान भेजा गया है, जबकि उपार्जन केंद्र में अतिरिक्त धान मौजूद है। आशंका थी कि इस अतिरिक्त धान को अन्य किसानों के नाम पर खपाने का प्रयास किया जा सकता है।

टीम ने केंद्र का भौतिक सत्यापन किया

कलेक्टर कुन्दन कुमार के निर्देश पर राजस्व, सहकारिता और खाद्य विभाग के जिला एवं ब्लॉक स्तरीय अधिकारियों की एक संयुक्त टीम ने केंद्र का भौतिक सत्यापन किया। सत्यापन के दौरान नवागांव उपार्जन केंद्र में ऑनलाइन दर्ज मात्रा से 234 बोरी अधिक धान पाया गया।

खरीदी प्रभारी और कंप्यूटर ऑपरेटर को कारण बताओ नोटिस जारी

इस मामले में सहायक आयुक्त सहकारिता ने खरीदी प्रभारी और कंप्यूटर ऑपरेटर को कारण बताओ नोटिस जारी कर दो दिन के भीतर स्पष्टीकरण मांगा था। उनके द्वारा प्रस्तुत स्पष्टीकरण संतोषजनक नहीं पाए गए। इसके बाद दोनों को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया और सेवा से पृथक करने की कार्रवाई के निर्देश भी जारी किए गए हैं।

इस घटना के बाद कलेक्टर कुन्दन कुमार ने जिले के सभी धान खरीदी केंद्रों के प्रभारियों और मिलर्स की बैठक ली। उन्होंने स्पष्ट चेतावनी दी कि किसी भी उपार्जन केंद्र में अनियमितता, शासन को आर्थिक क्षति पहुंचाने का प्रयास या नियमों की अवहेलना पाए जाने पर संबंधितों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने यह भी कहा कि किसी भी स्तर पर लापरवाही या गड़बड़ी बर्दाश्त नहीं की जाएगी।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *