अकाल तख्त, सीएम भगवंत मान व जत्थेदार कुलदीप सिंह गड़गज।
पंजाब में आम आदमी पार्टी (AAP) सरकार के मुख्यमंत्री भगवंत मान गुरुवार (15 जनवरी) को अमृतसर स्थित श्री अकाल तख्त की पंथक कचहरी में पेश हुए। पेशी के लिए CM बुधवार रात ही अमृतसर के सर्किट हाउस में पहुंच गए।
.
सर्किट हाउस से दोपहर करीब साढ़े 11 बजे निकले CM भगवंत मान सीधे गोल्डन टेंपल परिसर में पहुंचे। वह सरकारी गाड़ी से उतरे तो नंगे पैर थे। वहां से वह अपने दोनों हाथ आगे बांधे, नजरें झुकाकर नंगे पैर पहले गोल्डन टेंपल गए।
वहां माथा टेकने के बाद जत्थेदार कुलदीप सिंह गड़गज के आने से पहले ही अकाल तख्त के सचिवालय में पहुंच गए। CM के पास 2 काले रंग के बैग थे। CM ने करीब 20 मिनट इंतजार किया। फिर जत्थेदार गड़गज पहुंचे।
40 मिनट तक CM की अकाल तख्त में पेशी हुई। सचिवालय के हॉल में CM मान जमीन पर हाथ जोड़कर बैठे रहे। सामने अकाल तख्त के जत्थेदार गड़गज और तख्त श्री दमदमा साहिब के जत्थेदार ज्ञानी टेक सिंह बैठे थे।
इसके बाद CM भगवंत मान बाहर निकले। पत्रकारों से कहा कि उन्होंने अपना जवाब दे दिया। CM ने कहा- मैंने अकाल तख्त को चैलेंज नहीं किया। ऐसा करने कि न मेरी हिम्मत और न ही औकात है।
थोड़ी देर में जत्थेदार गड़गज मीडिया के सामने आए। उन्होंने कहा कि पांचों तख्तों के सिंह साहिबानों की मीटिंग में सीएम के स्पष्टीकरण पर चर्चा होगी। फिर फैसला बताएंगे कि CM की सफाई कबूल है या नहीं।
10 फोटोज में देखिए, CM भगवंत मान की अकाल तख्त में पेशी पर क्या-क्या हुआ…
1…सीएम का काफिला सर्किट हाउस से रवाना हुआ CM भगवंत मान रात से ही सर्किट हाउस में ठहरे हुए थे। उन्होंने सुबह 10 बजे पेश होने की बात कही थी। हालांकि जत्थेदार ने शाम साढ़े 4 बजे का टाइम दिया था। गुरुवार सुबह सरकारी प्रवक्ता ने कहा कि 11-11.30 बजे के बीच पेश होंगे। फिर चौथी बार टाइम बदला और जत्थेदार गड़गज की सहमति से दोपहर 12 बजे का टाइम तय हुआ। CM करीब साढ़े 11 बजे सर्किट हाउस से काफिला लेकर गोल्डन टेंपल की तरफ निकले।
2…गोल्डन टेंपल में गाड़ी से नंगे पैर नीचे उतरे करीब 8 से 10 मिनट में CM भगवंत मान गोल्डन टेंपल परिसर में पहुंच गए। यहां CM अपनी सरकारी गाड़ी से उतरे तो नंगे पैर थे। इस दौरान CM के साथ AAP के 2 प्रवक्ता बलतेज पन्नू और कुलदीप धालीवाल ही मौजूद रहे। बाकी सब सिक्योरिटी के लोग थे। यहां से CM गोल्डन टेंपल में माथा टेकने के लिए रवाना हुए।

3…CM के हाथ बंधे, सिर और नजरें झुकीं रहीं CM भगवंत मान इसके बाद गोल्डन टेंपल में माथा टेकने के लिए रवाना हुए। इस दौरान CM नंगे पैर चले। उनके हाथ आगे की तरफ बंधे हुए थे और सिर व नजरें नीचे झुकी हुईं थी। CM ने तलब करते वक्त ही कहा था कि वह एक मुख्यमंत्री के तौर पर नहीं बल्कि विनम्र सिख की तरह अकाल तख्त पर पेश होंगे।

4…सीएम ने आम लोगों की तरह गोल्डन टेंपल की परिक्रमा की इसके बाद सीएम ने आम श्रद्धालु की तरह गोल्डन टेंपल की परिक्रमा की। श्रद्धालुओं के बीच से होकर माथा टेकने के लिए पहुंचे। गोल्डन टेंपल में जाकर माथा टेका। इस दौरान उनके साथ ज्यादा सिक्योरिटी के ही लोग मौजूद रहे। खास तौर पर सरकार के किसी मंत्री या बड़े अधिकारी को सीएम के साथ नहीं रखा गया। सिक्योरिटी प्रोटोकॉल की वजह से उनकी सीएम सिक्योरिटी ही साथ रही।

5…2 काले बैग में सबूत लेकर अकाल तख्त में अकेले दाखिल हुए CM गोल्डन टेंपल में माथा टेकने के बाद CM भगवंत मान अकाल तख्त सचिवालय की ओर बढ़े। अकाल तख्त के गेट तक उनके साथ भारी सिक्योरिटी मौजूद रही लेकिन बाद में सबको वहीं रोक दिया गया। CM अकेले अकाल तख्त के सचिवालय में गए। इस दौरान गेट पर तुरंत 2 काले बैग मंगवाए गए। जिनको लेकर AAP के प्रवक्ता कुलदीप धालीवाल ने कहा कि जत्थेदार ने जो सबूत मांगे थे, सीएम उन्हें इन बैगों में भरकर ले गए हैं।

6. जत्थेदार गड़गज पहुंचे, अकाल तख्त को हाथ जोड़कर अंदर दाखिल हुए CM करीब 20 मिनट से अकाल तख्त के भीतर थे। इसके बाद अकाल तख्त के जत्थेदार ज्ञानी कुलदीप सिंह गड़गज गोल्डन टेंपल पहुंचे। वह किसी जल्दबाजी में नहीं दिखे। बाहर वह श्रद्धालुओं से मिले। इसके बाद अकाल तख्त को हाथ जोड़े। फिर श्रद्धालुओं का अभिवादन करते हुए अकाल तख्त के भीतर गए।

7…हाथ जोड़कर जमीन पर बैठे CM भगवंत मान CM की अकाल तख्त में पेशी का कोई वीडियो सामने नहीं आया। करीब 40 मिनट की पेशी के बाद सीएम भगवंत मान बाहर आए तो उनकी फोटो सामने आई। इसमें CM भगवंत मान हाथ जोड़कर जमीन पर बैठे हुए हैं। उनके चेहरे पर मुस्कुराहट दिखी, हालांकि नजरें तब भी झुकीं हुईं थी। सामने थोड़ी ऊंची जगह पर अकाल तख्त के जत्थेदार ज्ञानी कुलदीप सिंह गड़गज और तख्त श्री दमदमा साहिब के जत्थेदार ज्ञानी टेक सिंह बैठे हुए थे। जत्थेदार गड़गज कागज में कुछ पढ़ते हुए दिखे।

8…जत्थेदार ने CM को सिख मर्यादा की किताब सौंपी अकाल तख्त सचिवालय में पेशी की CM भगवंत मान की दूसरी फोटो भी सामने आई। इसमें जत्थेदार कुलदीप सिंह गड़गज उन्हें एक किताब सौंप रहे हैं। माना जा रहा है कि यह किताब सिख रहित मर्यादा की है। जिसे CM को पढ़ने के लिए दिया गया। इस दौरान दोनों ही फोटो खिंचवाते हुए नजर आए। माना जा रहा है कि ये फोटो अकाल तख्त के सचिवालय से जुड़े कर्मचारियों ने ही खींची हैं। क्योंकि मीडिया और सरकारी एजेंसियों को इस पेशी से बाहर रखा गया था।

9…पेशी के बाद सीएम बोले- अकाल तख्त को चैलेंज करने की औकात नहीं पेशी के बाद CM भगवंत मान बाहर निकले। उन्होंने खुलकर पत्रकारों से बात की। साफ कहा कि सोशल मीडिया पर नरेटिव बनाया जा रहा है कि मैं अकाल तख्त को चुनौती दे रहा हूं। मैं साफ करता हूं कि मैंने अकाल तख्त को चैलेंज नहीं किया। न ही मेरी इतनी हिम्मत और न ही औकात है कि मैं अकाल तख्त के साथ मत्था लगा सकूं। मेरी वायरल वीडियो नकली है, आजकल AI से जो मर्जी बना लो। मैंने कहा कि उसकी जहां मर्जी जांच करा लो। मुझसे जो पूछा गया, मैंने उनका जवाब दे दिया। अब आगे जो भी निर्देश आएगा, वैसे करेंगे।

10…जत्थेदार गड़गज ने कहा- CM ने माना, बिना जानकारी नहीं बोलना चाहिए CM के तुरंत बाद अकाल तख्त के जत्थेदार ने मीडिया से बात की। उन्होंने कहा- CM ने माना कि सिख मर्यादा, सिद्धांतों और रिवायतों के बारे में उन्हें पूरी जानकारी नहीं, उन्होंने महसूस किया कि इसके बारे में नहीं बोलना चाहिए था। आगे से वह ध्यान रखेंगे। उनकी वायरल वीडियो की हम जांच कराएंगे, इसके लिए CM भगवंत मान से ही 2 लैब का सुझाव देने को कहा है। अकाल तख्त किसी से बैर नहीं रखता। उनका स्पष्टीकरण रख लिया है, आने वाले दिनों में 5 सिंह साहिबान की मीटिंग होगी, उसमें इस पर विचार होगा।

**************************** ये खबरें भी पढ़ें…
जत्थेदार बोले-पंजाब CM ने माना, सिख सिद्धांत-मर्यादा का ज्ञान नहीं:वायरल VIDEO की जांच कराएंगे; भगवंत मान बोले- अकाल तख्त को चैलेंज करने की औकात नहीं

पंजाब के CM भगवंत मान आज (15 जनवरी) को अमृतसर में सिखों के सर्वोच्च तख्त श्री अकाल तख्त साहिब के सामने 40 मिनट तक पेश हुए। CM भगवंत मान 12 बजे के तय समय से पहले साढ़े 11 बजे अकाल तख्त सचिवालय पहुंच गए थे (पढ़ें पूरी खबर)
भगवंत मान अकाल तख्त में पेश होने वाले चौथे CM:बरनाला को सबसे सख्त सजा मिली; बादल को सजा के बाद अवॉर्ड पर विवाद हुआ

भगवंत मान पंजाब के चौथे मुख्यमंत्री हैं, जाे अमृतसर में श्री अकाल तख्त साहिब में पेश हुए। अकाल तख्त के जत्थेदार ज्ञानी कुलदीप सिंह गड़गज ने गुरुओं के दसवंध के सिद्धांत-गुरू की गोलक, एक आपत्तिजनक वीडियो को लेकर उन्हें स्पष्टीकरण देने के लिए बुलाया था। जिसपर उन्होंने दो बैग भरकर सबूत देकर सफाई दी (पढ़ें पूरी खबर)
