बुलंदशहर साइबर क्राइम थाना पुलिस ने नौकरी दिलाने के नाम पर ठगी करने वाले एक गिरोह का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने इस मामले में 25-25 हजार रुपये के इनामी दो शातिर अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है। इनके कब्जे से दो मोबाइल फोन भी बरामद किए गए हैं। यह कार्रवाई 17 जुलाई 2023 को आयुषी सिन्हा की शिकायत के आधार पर की गई। आयुषी ने साइबर थाने में तहरीर दी थी कि उन्होंने बैंक में नौकरी के लिए ऑनलाइन आवेदन किया था। इसके बाद उन्हें फोन आया और आईसीआईसीआई बैंक में नौकरी दिलाने का झांसा देकर विभिन्न खातों में करीब 2 लाख 16 हजार 800 रुपये जमा करवा लिए गए। मामले की गंभीरता को देखते हुए साइबर थाना पुलिस ने तुरंत मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की। जांच के दौरान मिली पुख्ता सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने भूड़ चौराहे के पास से दोनों अभियुक्तों को गिरफ्तार कर लिया। आरोपियों की पहचान ईशुफ खान, निवासी न्यू अशोक नगर, दिल्ली और वहाब आलम, निवासी नोएडा, गौतमबुद्धनगर के रूप में हुई है। इन दोनों की गिरफ्तारी पर एसएसपी द्वारा 25-25 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया था। पूछताछ में अभियुक्तों ने बताया कि वे अपने अन्य साथियों के साथ मिलकर कॉल सेंटर चलाते हैं। ये लोग फर्जी सिम कार्ड का उपयोग कर कीपैड मोबाइल फोन के जरिए बेरोजगार युवाओं को फोन करते थे। वे उन्हें नामी बैंकों और कंपनियों में नौकरी दिलाने का झांसा देकर ठगी करते थे। अभियुक्त ऑनलाइन जॉब पोर्टल से बेरोजगार युवाओं का डेटा खरीदते थे और फिर उन्हें अपना निशाना बनाते थे। पुलिस ने बताया कि गिरोह के अन्य सदस्यों की तलाश जारी है। बरामद मोबाइल फोन की भी गहनता से जांच की जा रही है, जिससे ठगी के और भी मामलों का खुलासा होने की संभावना है।
Source link
