दतिया जिले में अवैध रेत उत्खनन और परिवहन के खिलाफ जिला प्रशासन ने सख्त रुख अपनाते हुए बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया है। खनिज विभाग की टीम ने रविवार रात सेवड़ा और भांडेर क्षेत्र में औचक निरीक्षण कर अवैध रेत परिवहन कर रहे दो ट्रैक्टर-ट्रॉलियों और 1 ट्रक को जब्त किया है। खनिज विभाग की टीम द्वारा हाईवे एवं प्रमुख मार्गों पर डंपरों और ट्रैक्टर-ट्रॉलियों की सघन जांच की गई। जांच के दौरान बिना वैध अनुमति रेत का परिवहन करते पाए गए वाहनों को तत्काल जप्त कर संबंधित थानों की पुलिस अभिरक्षा में खड़ा कराया गया। यह कार्रवाई जिला खनिज अधिकारी प्रदीप भूरिया के निर्देशन में तथा प्रभारी खनिज निरीक्षक संजय धाकड़ के नेतृत्व में की गई। लगातार हो रही सख्त कार्रवाइयों से अवैध रेत कारोबारियों और खनन माफियाओं में हड़कंप मच गया है। जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि अवैध उत्खनन, परिवहन और भंडारण के विरुद्ध अभियान निरंतर जारी रहेगा। नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ आगे भी इसी प्रकार की कड़ी और प्रभावी कार्रवाई की जाएगी।
Source link
