तमिलनाडु के मुख्यमंत्री एमके स्टालिन की सुरक्षा में तैनात एक महिला पुलिसकर्मी का वीडियो बनाने के आरोप में एक स्पेशल सब-इंस्पेक्टर (SSI) को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है। न्यूज एजेंसी एएनआई के मुताबिक, मुख्यमंत्री शनिवार को रामनाथपुरम जिले के परमकुडी में स्वतंत्रता सेनानी त्यागी इमैनुएल सेकरन के मणि मंडपम का उद्घाटन करने पहुंचे थे। इस दौरान पूरे जिले में कड़ी सुरक्षा व्यवस्था की गई थी। मुख्यमंत्री की सुरक्षा में राज्य के अलग-अलग इलाकों से महिला पुलिसकर्मियों को भी तैनात किया गया था। आरोपी SSI परमकुडी नगर पुलिस थाने में तैनात था और मणि नगर चेक पोस्ट पर ड्यूटी कर रहा था। इसी जगह पर तंजावुर क्षेत्र की महिला पुलिसकर्मी भी तैनात थीं। पुलिस के अनुसार, महिला पुलिसकर्मियों ने शौचालय में एक मोबाइल फोन से वीडियो रिकॉर्ड होते हुए देखा। जांच में पता चला कि मोबाइल आरोपी SSI का था और शौचालय के अंदर महिला पुलिसकर्मियों का वीडियो बनाया जा रहा था। पीड़िता की शिकायत पर परमकुडी ऑल वुमन पुलिस स्टेशन में मामला दर्ज किया गया। इसके बाद आरोपी को गिरफ्तार कर रामनाथपुरम जेल भेज दिया गया।
Source link
