हजारीबाग के चौपारण थाना क्षेत्र स्थित चोरदाहा पिकेट के पास मंगलवार को एनएच-19 पर सरिया लदे एक चलते ट्रक में अचानक आग लग गई। आग की लपटें बढ़ती देख ड्राइवर और खलासी ने सूझबूझ दिखाते हुए ट्रक से नीचे छलांग लगा दी, जिससे वे सुरक्षित बच गए। इस घटना में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई। हालांकि ट्रक का अगला हिस्सा पूरी तरह जलकर खाक हो गया। दरअसल, ट्रक झारखंड के रामगढ़ से सरिया लादकर उत्तर प्रदेश के गोरखपुर जा रहा था। चोरदाहा चेक पोस्ट के पास पहुंचते ही ट्रक के केबिन के निचले हिस्से से धुआं निकलने लगा। ट्रक के पीछे लदा सरिया सुरक्षित रहा देखते ही देखते आग ने इंजन और केबिन को अपनी चपेट में ले लिया। आग लगने से ट्रक का अगला हिस्सा और केबिन पूरी तरह जलकर राख हो गए। हालांकि पीछे लदा सरिया सुरक्षित रहा। प्राथमिक जांच में आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट या इंजन में तकनीकी खराबी बताई जा रही है। इधर, घटना की सूचना मिलते ही चोरदाहा पिकेट प्रभारी नीतीश कुमार ने तत्काल फायर ब्रिगेड को सूचित किया। हालांकि, बरही से चौपारण के बीच नेशनल हाईवे की जर्जर हालत के कारण दमकल की गाड़ी को मौके पर पहुंचने में लगभग एक घंटे की देरी हुई। जब तक फायर ब्रिगेड ने आग पर काबू पाया, तब तक ट्रक का केबिन पूरी तरह जल चुका था। एनएच-19 पर वाहनों की लंबी कतार लग गई हाईवे के बीचों-बीच ट्रक में आग लगने से एनएच-19 पर वाहनों की लंबी कतार लग गई। जाम की स्थिति को देखते हुए पुलिस ने मुख्य मार्ग पर परिचालन रोक दिया और वाहनों को सर्विस रोड से डायवर्ट किया। पुलिस ने क्षतिग्रस्त वाहन को कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है।
Source link
