मोतिहारी पुलिस ने कल्याणपुर थाना क्षेत्र में हुई किराना दुकान लूट का खुलासा कर दिया है। पुलिस ने इस मामले के मुख्य आरोपी मुन्ना यादव को गिरफ्तार किया है। उसकी गिरफ्तारी के बाद लूट में इस्तेमाल की गई काले रंग की अपाचे मोटरसाइकिल भी बरामद कर ली गई है। यह घटना बीते 30 दिसंबर को कल्याणपुर थाना अंतर्गत राजापुर कासटोली चौक स्थित एक किराना दुकान में हुई थी। अज्ञात अपराधियों ने दुकान में लूट की वारदात को अंजाम दिया था। पीड़ित दुकानदार के बयान पर कल्याणपुर थाने में मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई थी। विशेष जांच टीम (SIT) का गठन किया गया मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर चकिया के अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी के नेतृत्व में एक विशेष जांच टीम (SIT) का गठन किया गया। इस टीम ने वैज्ञानिक और तकनीकी अनुसंधान के साथ-साथ गुप्त सूचनाओं के आधार पर लगातार छापेमारी की। जांच के दौरान पुलिस को महत्वपूर्ण सुराग मिले, जिसके आधार पर इस मामले के मास्टरमाइंड की पहचान कल्याणपुर थाना क्षेत्र के राजापुर गांव निवासी मुन्ना यादव के रूप में हुई। पुलिस टीम ने तत्काल कार्रवाई करते हुए मुन्ना यादव को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपी ने लूट की वारदात में अपनी संलिप्तता स्वीकार की है। इस्तेमाल की गई काले रंग की मोटरसाइकिल बरामद की गई गिरफ्तार मुन्ना यादव की निशानदेही पर घटना में इस्तेमाल की गई काले रंग की अपाचे मोटरसाइकिल बरामद की गई। उसके स्वीकारोक्ति बयान के आधार पर इस लूटकांड में शामिल अन्य अपराधियों की भी पहचान कर ली गई है। पुलिस उनकी गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर लगातार छापेमारी कर रही है। पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी मुन्ना यादव का आपराधिक इतिहास रहा है। उस पर पहले से अंतरजिला स्तर पर, विशेष रूप से पूर्णिया जिले के साथ-साथ मोतिहारी और कल्याणपुर थाना क्षेत्रों में साइबर अपराध, मारपीट सहित कई आपराधिक मामले दर्ज हैं। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि इस मामले में शामिल सभी आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी सुनिश्चित की जाएगी।
Source link
