मुख्य बातें

जीरो सैलरी लेकर सबसे अमीर पार्टी संभालेंगे नितिन नबीन: अकाउंट में 10 हजार करोड़, 772 जिलों में प्रॉपर्टी-ऑफिस, खर्च के लिए एफडी सिस्टम

जीरो सैलरी लेकर सबसे अमीर पार्टी संभालेंगे नितिन नबीन:  अकाउंट में 10 हजार करोड़, 772 जिलों में प्रॉपर्टी-ऑफिस, खर्च के लिए एफडी सिस्टम

करीब 18 करोड़ सदस्य, देश के हर जिले में अपना ऑफिस, मजबूत जमीनी कैडर, 20 राज्यों में सरकारें, ये बातें BJP को देश की सबसे बड़ी पार्टी बनाती हैं। बिहार की बांकीपुर सीट से विधायक नितिन नबीन आज यानी 20 जनवरी को BJP की जिम्मेदारी पूरी तरह संभाल लेंगे। 14 दिसंबर 2025 को कार्यकारी अध्यक्ष बनाए गए नितिन नबीन BJP के 12वें राष्ट्रीय अध्यक्ष होंगे। नितिन नबीन को नई जिम्मेदारी के बदले सैलरी नहीं मिलेगी, लेकिन वे जिस पार्टी को संभालने जा रहे हैं, वह कमाई, ऑफिस इन्फ्रास्ट्रक्चर और सदस्यों के मामले में कांग्रेस जैसी पार्टियों से मीलों आगे है। BJP ने न सिर्फ हर जिले में ऑफिस बनाए हैं, बल्कि खर्च निकालने के लिए एफडी सिस्टम भी तैयार कर लिया है। कांग्रेस लीडर अजय माकन ने दिसंबर 2025 में राज्यसभा में कहा था कि BJP के अकाउंट में 10,107 करोड़ रुपए हैं। ये रकम कांग्रेस से 75 गुना ज्यादा है। ऑफिस और इंफ्रास्ट्रक्चर: 772 जिलों में अपनी जमीन
2014 से पहले जिलों में BJP के करीब 200 स्थायी ऑफिस थे। पार्टी ने 2014 के लोकसभा चुनाव के लिए प्रचार शुरू किया, तो उसे इन्फ्रास्ट्रक्चर के मामले में बहुत जूझना पड़ा। तब पार्टी की कमान मौजूदा गृहमंत्री अमित शाह के पास थी। चुनाव जीतने के बाद उन्होंने हर जिले में पार्टी का ऑफिस बनाने का प्लान तैयार किया। अब BJP के पास देश के 772 जिलों में ऑफिस या ऑफिस के लिए रजिस्टर जमीनें हैं। अगले लोकसभा चुनाव से पहले 70 और ऑफिसों के लिए जमीन या बिल्डिंग खरीदने की प्रोसेस पूरी हो जाएगी। हर जिले में BJP का कम से कम एक ऑफिस तैयार हो चुका है। दैनिक भास्कर की टीम दिल्ली में BJP के डिस्ट्रिक्ट ऑफिसों में पहुंची। देखा कि इन्हें कैसे बनाया गया है, क्या सुविधाएं हैं और कितनी क्षमता है। पहला ऑफिस: साउथ दिल्ली
हम साउथ दिल्ली के ऑफिस पहुंचे। इसमें अंदर घुसते ही पहले लंबा-चौड़ा हॉल दिखता है। यहां हमें डिस्ट्रिक्ट प्रेसिडेंट राजकुमार चौटाला मिले। वे बताते हैं, ‘इस हॉल में 200 से 250 लोग बैठ सकते हैं। इसके पीछे पैंट्री एरिया है। यहां एक साथ 100 लोग खाना खा सकते हैं।’ राजकुमार ने हमें सीढ़ियों से ऊपर चलने के लिए कहा। ऊपर जिला अध्यक्ष, जिला उपाध्यक्ष और जिला मंत्री के केबिन बने हैं। एक जगह रुककर बोले, ‘देखिए ये लाइब्रेरी की जगह है। अभी किताबें कम हैं, पर इसे अच्छे से बनाएंगे।’ यहीं एक कॉन्फ्रेंस हॉल है, जिसमें 20-25 लोग बैठ सकते हैं। राजकुमार एक स्टोर रूम की तरह दिखने वाले कमरे में ले गए। वहां 5 कुर्सियां रखी थीं। वे कहते हैं, ‘चुनाव के दौरान यहां सोशल मीडिया का काम होता है। आप इसे इलेक्शन वॉर रूम की तरह कह सकते हैं, लेकिन असली वॉर रूम बेसमेंट में है।’ राजकुमार हमें बेसमेंट में ले गए। यहां करीब 100 लोगों के बैठने का इंतजाम है। कुर्सियां लगी हैं और उनके सामने लैपटॉप या डेस्कटॉप के लिए प्लेटफार्म बना है। राजकुमार बताते हैं, ‘लोकसभा और विधानसभा चुनाव में यहां 100 लोग सोशल मीडिया की कमान संभाले हुए थे।’ इसके बाद राजकुमार हमें सेकेंड फ्लोर पर ले गए। यहां 2 गेस्ट रूम बने हैं। वे कहते हैं, ‘चुनाव के दौरान दूसरे राज्यों से 5 लोग आए थे। वे यहीं रुके थे। कमरों के सामने किचन है।’ राजकुमार चौटाला कहते है, ‘3 साल पहले हमारे पास अपना ऑफिस नहीं था। कार्यकर्ताओं के घर कार्यक्रम करते थे। अब घर तो घर ही जैसे होंगे। वहां कितने लोग आएंगे। कार्यकर्ताओं की एक-दूसरे से बनती भी नहीं है। अब ये ऑफिस है। इसमें किसी की धौंस नहीं चलती। ये पार्टी की प्रॉपर्टी है।’ जगह: महरौली, साउथ दिल्ली
महरौली में बने BJP ऑफिस का उद्घाटन 7 जुलाई 2025 को हुआ था। यहां मिले जिला अध्यक्ष रणवीर तंवर ने बताया कि ऑफिस 470 गज जमीन पर बना है। वहीं, BJP के प्रदेश कोषाध्यक्ष सतीश गर्ग बताते हैं, ‘दिल्ली में 14 नए डिस्ट्रिक्ट ऑफिस का उद्घाटन हो चुका है। पार्टी ने हर लोकसभा सीट पर दो डिस्ट्रिक्ट ऑफिस बनाए हैं।’ BJP के डिस्ट्रिक्ट ऑफिस कंस्ट्रक्शन एंड मैनेजमेंट में हमारे सोर्स बताते हैं, हमने हर जिले में ऑफिस बनाने का टारगेट रखा था। इससे पहले 200 ऑफिस ऐसे थे, जिसकी जमीन और बिल्डिंग की मालिक पार्टी थी। इन ऑफिसों को भी नए नक्शे के मुताबिक बनाया गया। जहां जमीन कम थी, उसका एक्सटेंशन किया, जहां रेनोवेशन की जरूरत थी, उसे रेनोवेट किया है। 562 दफ्तरों के लिए जमीन खरीदी, 386 नए और 44 दोबारा बनाए, 170 रेनोवेट
2014 से पहले जिलों में BJP के करीब 200 स्थायी ऑफिस थे। पार्टी ने 2014 के लोकसभा चुनाव के लिए प्रचार शुरू किया, तो उसे इन्फ्रास्ट्रक्चर के स्तर पर बहुत जूझना पड़ा। सोर्स बताते हैं, ‘खुद के ऑफिस बनाने का आइडिया गृहमंत्री अमित शाह का था। उन्होंने 2014 में चुनाव जीतने के बाद से ही हर जिले में संगठन को मजबूत करने का अभियान शुरू कर दिया था।’ ‘पार्टी लंबे समय से सत्ता में नहीं थी। जिलों में पार्टी प्रोग्राम, बैठक या फिर किसी के रुकने के लिए स्कूल या सामुदायिक भवन लेना पड़ता था। इसलिए प्लान बना कि 2025 तक सभी जिलों में स्थायी ऑफिस बनाए जाएंगे। किराए की बिल्डिंग या फिर किसी कार्यकर्ता के घर से एक भी ऑफिस नहीं चलेगा।’ ‘इस प्लानिंग में एक और हिस्सा जोड़ा गया। ऑफिसों के मामले में पार्टी न सिर्फ हर जिले में आत्मनिर्भर बनेगी, बल्कि आर्थिक रूप से भी हर जिले को आत्मनिर्भर बनाया जाएगा। इसके लिए 2017 में डिस्ट्रिक्ट ऑफिस कंस्ट्रक्शन एंड मैनेजमेंट कमेटी बनाई गई।’ 2018 में दिल्ली के 6 ए दीनदयाल उपाध्याय मार्ग पर BJP का आलीशान ऑफिस तैयार होने के बाद जिलों में ऑफिसों का काम शुरू हुआ। डिस्ट्रिक्ट ऑफिस कंस्ट्रक्शन एंड मैनेजमेंट कमेटी में शामिल सोर्स के मुताबिक, 2018 से लेकर अब तक 562 डिस्ट्रिक्ट ऑफिस के लिए राष्ट्रीय अध्यक्ष के पदनाम पर जमीनों की रजिस्ट्री हो चुकी है। इसमें से 386 नए ऑफिस तैयार हो चुके हैं। करीब 200 ऑफिस पहले से थे। इसी दौरान 170 ऑफिसों का रेनोवेशन कराया गया। 44 से ज्यादा पुराने ऑफिसों को तोड़कर उन्हें नए नक्शे के हिसाब से बनाया गया। 75 ऑफिसों का काम चल रहा है। सोर्स के मुताबिक जिलों में ऑफिस बनाने के लिए 1.5 करोड़ से 2.5 करोड़ रुपए का बजट रखा गया। प्रदेश स्तर के ऑफिस के लिए 3 से 5 करोड़ रुपए का बजट तय है। सोर्स बताते हैं- अगले 4 साल में 4 राज्यों उत्तर प्रदेश, त्रिपुरा, आंध्रप्रदेश, पश्चिम बंगाल के हर जिले में BJP के डिस्ट्रिक्ट ऑफिस बनने हैं। अभी इन राज्यों में ऑफिस काफी कम हैं। जो हैं, उनमें भी ज्यादातर किराए की बिल्डिंग में चल रहे हैं। ऑफिस का खर्च 60 हजार महीना, एक करोड़ की एफडी का प्रपोजल
सोर्स बताते हैं, ‘पार्टी संगठन के लिए न सिर्फ स्थायी बिल्डिंग बना रही है, बल्कि उसे बजट के मामले में भी आत्मनिर्भर बनाने की प्लानिंग कर चुकी है। हालांकि, अब तक 5-6% ऑफिस ही महीने के रूटीन खर्चे के लिए स्थायी आमदनी का प्लान लागू कर पाए हैं। बाकी सभी इस पर काम कर रहे हैं।’ ‘हर ऑफिस का महीने का बजट 60 हजार रुपए तय हुआ है। स्थायी आय के लिए एफडी करने के सुझाव पर पार्टी काम कर रही है। डिस्ट्रिक्ट ऑफिस चलाने के लिए कम से कम एक करोड़ की एफडी का प्रस्ताव है, ताकि महीने का करीब 60 हजार रुपए ब्याज आने लगे। ये एफडी जिला इकाई के नाम से होती है।’ एफडी के लिए पैसा कहां से आता है?
जिला स्तर के एक पदाधिकारी बताते हैं, ‘एफडी के लिए जिले के कारोबारियों से मिले डोनेशन का इस्तेमाल होता है। इस पर हर महीने जो ब्याज मिलेगा, वो डिस्ट्रिक्ट ऑफिस का होगा। ये रकम महीने के रूटीन खर्च में इस्तेमाल होगी। कारोबारियों का इस्तेमाल ऑफिस में कोई कार्यक्रम स्पॉन्सर करने के लिए भी होता है। कई बार छोटे कारोबारी डोनेशन के तौर पर बिजली का बिल या फिर ऑफिस को आधुनिक बनाने के लिए सामान देते हैं।’ ‘पार्टी हर जिले के बड़े कारोबारियों को पार्टी से जोड़ने के लिए अभियान चलाती है। उन्हें या उनके करीबियों को पार्टी में पद भी दिए गए। BJP की सदस्यता लेने की फीस 100 रुपए है। इससे मिली रकम का इस्तेमाल भी पार्टी के खजाने में होता है।’ ऑफिस में 4-5 कर्मचारी सैलरी पर, पदाधिकारियों को वेतन नहीं
एक दफ्तर में एक अध्यक्ष, 1 से 3 उपाध्यक्ष और 4 से 5 महामंत्री होते हैं। महामंत्रियों की संख्या कम-ज्यादा हो सकती है। राज्य या जिले फंड देने वाले ऑफिस में अपना एक पदाधिकारी रखना चाहते हैं। महामंत्री के ज्यादातर पद राज्य और जिला स्तर के कारोबारियों या फिर उनके करीबियों के पास हैं। अध्यक्ष, उपाध्यक्ष और महामंत्रियों को सैलरी नहीं मिलती। ऐसा सिर्फ जिलों में ही नहीं है, पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष को भी सैलरी नहीं मिलती। उनके आने-जाने के लिए गाड़ी, प्लेन या ट्रेन का खर्च और रुकने का इंतजाम पार्टी करती है। राष्ट्रीय अध्यक्ष को सांसद की तरह घर दिया जाता है। प्रदेश अध्यक्ष को भी घर पार्टी देती है। जिला अध्यक्ष को घर नहीं मिलता। पैसा: BJP सबसे अमीर पार्टी, अकाउंट में 10 हजार करोड़
BJP देश की सबसे अमीर पॉलिटिकल पार्टी है। 2014 में केंद्र में सरकार बनाने के बाद से पार्टी की कमाई लगातार बढ़ी है। कांग्रेस के कोषाध्यक्ष और राज्यसभा सांसद अजय माकन ने 11 दिसंबर, 2025 को राज्यसभा में कहा था कि BJP के पास कांग्रेस के मुकाबले 75 गुना ज्यादा रकम है। माकन ने कहा कि 2004 के बाद अगले 20 साल में BJP का बैंक अमाउंट 87 करोड़ रुपए से बढ़कर 10,107 करोड़ रुपए हो गया है। इसी दौरान कांग्रेस का अमाउंट 38 करोड़ रुपए से बढ़कर 134 करोड़ रुपए ही हुआ। चुनाव आयोग को दी जानकारी के मुताबिक, BJP के पास 31 मार्च, 2024 तक 7,113 करोड़ रुपए थे। वहीं कांग्रेस के पास 857 करोड़ रुपए थे। एसोसिएशन ऑफ डेमोक्रेटिक रिफॉर्म्स यानी ADR के मुताबिक, 2023-24 में BJP ने 4,340 करोड़ रुपए की आय घोषित की थी। ये रकम देश की सभी 6 नेशनल पार्टियों की कमाई का 74% है। 2014 के लोकसभा चुनाव से पहले BJP ने 2013-14 में 674 करोड़ रुपए की आय घोषित की थी। संगठन: 2 करोड़ सक्रिय सदस्य, 18 करोड़ प्राथमिक सदस्य
BJP का दावा है कि वह दुनिया की सबसे बड़ी पॉलिटिकल पार्टी है। उसके 18 करोड़ से ज्‍यादा प्राथमिक सदस्‍य हैं। यह संख्या रूस, जापान और ब्रिटेन की आबादी से ज्यादा है। BJP के राष्ट्रीय अध्यक्ष रहे जेपी नड्डा ने सितंबर, 2025 में ऐलान किया था कि BJP दुनिया की सबसे बड़ी पॉलिटिकल पार्टी बन गई है। उसके 14 करोड़ प्राथमिक सदस्य हैं। इनमें दो करोड़ सक्रिय सदस्य हैं। पार्टी सोर्स बताते हैं कि अब प्राथमिक सदस्यों की संख्या 18 करोड़ पार कर गई है। BJP के मुकाबले कांग्रेस की स्थिति
जमीन-बिल्डिंग का रिकॉर्ड नहीं, पदाधिकारियों से कहा- पता करके सूचना दो
8-9 मई 2025 को कांग्रेस ने गुजरात में मीटिंग की थी। सोर्स बताते हैं, ‘बैठक का मकसद जमीन पर कमजोर हो रहे संगठन को फिर से खड़ा करना था। मीटिंग में हाईकमान ने जिलों में पकड़ बनाने का प्लान बताया। उन्होंने जिला अधिकारी नियुक्ति करने और उन्हें ज्यादा ताकत देने का ऐलान किया। आलाकमान ने सख्ती से कहा कि प्रदेश और जिलों में बंद या निष्क्रिय ऑफिसों की लिस्ट तैयार करें। जिलों में पार्टी की बिल्डिंग और जमीन को भी चिह्नित करें।’ दरअसल पार्टी की खाली पड़ी जमीन या कई साल से बंद ऑफिसों पर कब्जे की खबरें हाईकमान तक पहुंच रही थीं। पश्चिम बंगाल के हुबली में कांग्रेस की 11,979 स्क्वायर फीट जमीन पर जेडीयू का ऑफिस चल रहा था। हालांकि जेडीयू ने दावा किया कि जमीन का टैक्स हम भर रहे हैं। कांग्रेस ने बताया कि उसके पास 1956 में जमीन खरीदने के कागज हैं। उत्तराखंड के रानीखेत में कांग्रेस ऑफिस पर कब्जे का मामला भी आया था।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *