हरदा जिले में भीषण गर्मी के साथ पेयजल संकट लगातार बढ़ता जा रहा है। जिला मुख्यालय से लेकर ग्रामीण इलाकों तक पानी की किल्लत से लोग परेशान हैं। टिमरनी विकासखंड के वनग्राम कुमरुम में ग्रामीण कुएं और नदी की तलहटी से गंदा पानी पीने को मजबूर हैं, वहीं शहर की मुदित होम्स कॉलोनी में भी पानी की समस्या बनी हुई है। कुएं और नदी से निकाल रहे मटमैला पानी ग्राम पंचायत कायदा के वनग्राम कुमरुम में हालात बेहद खराब हैं। यहां ग्रामीण अपनी प्यास बुझाने के लिए कुओं और नदियों में गड्ढे खोदकर मटमैला पानी निकाल रहे हैं। इसी दूषित पानी का उपयोग पीने और घरेलू कामों में किया जा रहा है। गांव की महिलाओं को पानी के लिए दूर-दूर तक भटकना पड़ रहा है। ग्रामीणों का कहना है कि गंदा पानी पीने से बच्चों और बुजुर्गों में बीमारियों का खतरा बढ़ गया है। नल-जल योजना के बावजूद नहीं मिल रहा पानी ग्रामीण राजू ने बताया कि गांव में नल-जल योजना होने के बावजूद गर्मी में पानी की सप्लाई नहीं हो पा रही है। ग्राम पंचायत द्वारा नया बोर कराने का प्रस्ताव भी पारित किया गया था। पीएचई विभाग से अनुमति मिलने के बाद करीब 300 फीट तक बोरिंग कराई गई, लेकिन पर्याप्त पानी नहीं निकलने के कारण काम अधूरा छोड़ना पड़ा। ग्रामीणों ने प्रशासन से वनग्राम कुमरुम में जल्द स्थायी पेयजल व्यवस्था करने की मांग की है। मुदित होम्स कॉलोनी में भी पानी की किल्लत संजीव कुमार नागू ने बताया कि ग्रामीण पानी की समस्या को लेकर ज्ञापन देने आए थे। संबंधित विभाग और अधिकारियों से चर्चा की गई है और जल्द समाधान का प्रयास किया जाएगा।उधर शहर की मुदित होम्स कॉलोनी में भी जल संकट बना हुआ है। यहां नलकूप होने के बावजूद करीब 200 से अधिक परिवारों को पर्याप्त पानी नहीं मिल पा रहा है। इसके चलते लोगों को टैंकर से पानी खरीदना पड़ रहा है। कॉलोनी के रहवासियों का आरोप है कि उनके नलकूप से नगर पालिका दूसरी कॉलोनी में पानी की सप्लाई कर रही है, जिसके कारण उन्हें पर्याप्त पानी नहीं मिल रहा। नगर पालिका बोली- जलस्तर कम होने से बढ़ी समस्या कमलेश पाटीदार ने बताया कि तेज गर्मी के कारण जलस्तर लगातार नीचे जा रहा है, जिससे जल स्रोतों में पानी कम हो गया है। उन्होंने कहा कि शहर में 80 से अधिक ऐसे स्थान हैं, जहां नर्मदा पाइपलाइन नहीं पहुंची है। वहां पानी उपलब्ध कराया जा रहा है। जिन इलाकों में ज्यादा समस्या है, वहां चरणबद्ध तरीके से पानी की सप्लाई दी जाएगी। सीएमओ ने यह भी कहा कि शासकीय कार्य में बाधा डालने वालों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
Source link
