नर्मदापुरम के हिल स्टेशन पचमढ़ी में रविवार रात करीब 10 बजे टूर एडवेंचर कंपनी की खराब सर्विस की शिकायत करना इंदौर के एक सॉफ्टवेयर इंजीनियर को भारी पड़ गया। विवाद के दौरान एडवेंचर कंपनी के ऑनर ने कथित तौर पर पर्यटक के साथ मारपीट कर दी। वजनी वस्तु से हमला होने पर उसके सिर में गंभीर चोट आई और खून बहने लगा। घटना न्यू होटल परिसर बेटा बावर्ची के पास हुई, जिससे इलाके में अफरा-तफरी मच गई। घटना के बाद मौके पर मौजूद लोगों ने दोनों पक्षों को अलग कराया। घायल सॉफ्टवेयर इंजीनियर को उसके साथी और स्थानीय लोगों की मदद से पचमढ़ी के एक निजी डॉक्टर के पास ले जाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद रात 11.30 बजे घायल पर्यटक अपने साथियों के साथ पचमढ़ी थाने पहुंचा। थाने पहुंचे दोनों पक्ष, एक-दूसरे पर लगाए आरोप
घटना के कुछ समय बाद आरम्भ एडवेंचर कंपनी के संचालक रजत प्रताप सिंह भी थाने पहुंचे। उन्होंने तीनों पर्यटकों पर गाली-गलौज और मारपीट के आरोप लगाए। पुलिस ने दोनों पक्षों के घायलों का मेडिकल परीक्षण कराया। थाना प्रभारी बोले—राजीनामे से सुलझा मामला
पचमढ़ी थाना प्रभारी पदम सिंह मौर्य ने बताया कि खराब सर्विस की शिकायत और बस से इंदौर ले जाने को लेकर विवाद हुआ था। दोनों पक्ष इंदौर के थे। आपसी सहमति और राजीनामे के बाद दोनों पक्ष चले गए, इसलिए एफआईआर दर्ज नहीं की गई। पर्यटक का आरोप—रात में छोड़कर चले गए
इंदौर निवासी आलोक गुप्ता ने बताया कि वह अपने साथियों जावेद खान और सिमरजोत सिंह के साथ आरम्भ एडवेंचर कंपनी के पैकेज पर पचमढ़ी घूमने आए थे। पैकेज में इंदौर से लाना-ले जाना, ठहरने और भोजन की व्यवस्था शामिल थी। आलोक के मुताबिक पचमढ़ी पहुंचने के बाद सर्विस खराब मिली। रात के खाने के दौरान रोटियों के लिए छीना-झपटी की स्थिति बन गई। शिकायत करने पर कंपनी के लोगों ने अपशब्द कहे और बस से इंदौर ले जाने से मना कर दिया। इसी दौरान उनके साथी पर हमला कर दिया गया और तीनों को वहीं छोड़कर बस रवाना हो गई। एडवेंचर कंपनी ऑनर का पक्ष—महिला पर्यटकों की वजह से लिया फैसला
आरम्भ एडवेंचर कंपनी के संचालक रजत प्रताप सिंह ने आरोपों से इनकार करते हुए कहा कि खाने के दौरान देरी को लेकर तीनों पर्यटक गाली-गलौज करने लगे। बस में महिला पर्यटक भी थीं और माहौल बिगड़ने की आशंका थी। इसी कारण तीनों को रिफंड देकर बस से ले जाने से मना किया गया। रजत प्रताप का कहना है कि इसके बाद तीनों ने उनके साथ मारपीट की, जिसमें उन्हें भी चोट आई और उनका भी मेडिकल कराया गया।
Source link
