- Hindi News
- National
- IMD Weather Update Today Snowfall Himachal Uttarakhand Jammu Kashmir Cold Wave Alert Rajasthan UP MP Bihar Chhattisgarh
शिमला/श्रीनगर/देहरादून/नई दिल्ली5 मिनट पहले
- कॉपी लिंक
उत्तर भारत के हिमालयी इलाकों में बर्फबारी जारी है। जम्मू-कश्मीर में हल्की बर्फबारी जारी रही। मौसम में सुधार के बाद श्रीनगर-जम्मू नेशनल हाईवे दो दिन बाद खुला। कश्मीर घाटी में भीषण ठंड जारी है। गुलमर्ग में तापमान माइनस 10.2 और श्रीनगर में माइनस 1.6 डिग्री दर्ज किया गया। फंसे वाहनों को निकालने और बर्फ हटाने का काम जारी है।
हिमाचल प्रदेश के ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी से तीन नेशनल हाईवे सहित 835 सड़कें बंद हैं। लाहौल-स्पीति के ताबो में तापमान माइनस 10 डिग्री रहा। राज्यभर में 2 दिन सोमवार और मंगलवार को बारिश-बर्फबारी का यलो अलर्ट जारी है।
यूपी के 20 जिलों में 27 और 28 जनवरी को 40-50 किलोमीटर प्रतिघंटे की रफ्तार से आंधी चलने और बारिश का अलर्ट है। तापमान में 5-6°C तक की गिरावट आने की संभावना है।
राजस्थान में उत्तरी सर्द हवाओं से ठंड बढ़ी। नागौर में न्यूनतम तापमान माइनस 1.3 और जयपुर में 5.6 डिग्री दर्ज हुआ। मौसम विभाग ने 26–27 जनवरी को पश्चिमी विक्षोभ के असर से हल्की बारिश की संभावना जताई है।
उत्तराखंड के 5 जिलों में उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर और पिथौरागढ़ के ऊंचाई वाले इलाकों में रविवार को भी बर्फबारी हुई। इसके अलावा मौसम विभाग के मुताबिक 29 जनवरी तक मौसम ऐसा ही रहने वाला है।
मध्य प्रदेश में सुबह कोहरे और सर्द हवाओं का असर रहा। भोपाल में विजिबिलिटी 500 से 1000 मीटर रही। धार में इंदौर-अहमदाबाद फोरलेन पर सड़क हादसा हुआ, हालांकि कोई गंभीर रूप से घायल नहीं हुआ।
देशभर में मौसम की 3 तस्वीरें…

केदारनाथ में 4 फीट बर्फ हटाते पुलिस और ITBP के जवान।

जम्मू-कश्मीर के काजीगुंड में रेलवे ट्रैक बर्फ से ढके हुए हैं।

हिमाचल प्रदेश के मनाली में भारी बर्फबारी के बाद ट्रैफिक जाम लगा हुआ है।

अन्य राज्यों में मौसम का हाल
- पंजाब और हरियाणा- पंजाब और हरियाणा में ठंड का असर बना रहा। पंजाब के फिरोजपुर में पारा 3.4 डिग्री सेल्सियस और हरियाणा के नारनौल में 2.8 डिग्री सेल्सियस रहा। IMD ने 27 जनवरी से दोनों राज्यों में हल्की से मध्यम बारिश, तेज हवाएं और बिजली गिरने की संभावना जताई है।
- तमिलनाडु-केरल- मौसम विभाग ने तमिलनाडु के कुछ हिस्सों में सोमवार को भी गरज, बिजली और भारी बारिश की चेतावनी दी है। तटीय क्षेत्रों में तेज हवाएं चलने की संभावना है। केरल में 26 जनवरी को इसी तरह के हालात के मद्देनजर मछुआरों को समुद्र में न जाने की सलाह दी गई है।
- दिल्ली-दिल्ली में न्यूनतम तापमान में और गिरावट आई। पालम में सबसे कम तापमान 4.5 डिग्री रिकॉर्ड हुआ। वायु गुणवत्ता में लगातार दूसरे दिन सुधार दर्ज किया गया और AQI 153 रहा।
अगले 2 दिन के मौसम का हाल
27 जनवरी
- मौसम विभाग ने हिमाचल प्रदेश के ऊंचाई वाले इलाकों में भारी बर्फबारी की चेतावनी दी है।
- जम्मू-कश्मीर में तेज हवाओं के साथ भारी बारिश/बर्फबारी की संभावना है।
- गुजरात में न्यूनतम तापमान में 2 से 4 डिग्री की बढ़ोतरी हो सकती है।
- केरल में भी आंधी-तूफान और बिजली गिरने की संभावना है।
28 जनवरी
- मध्य प्रदेश के आधे हिस्से में 27 और 28 जनवरी को बारिश और गरज-चमक का अलर्ट है।

राज्यवार मौसम की खबरें…
मध्य प्रदेश : राज्य में फिर से सर्द हवाएं, कोल्ड-डे जैसी स्थिति, कल से 2 दिन भोपाल, ग्वालियर और जबलपुर में बारिश का अलर्ट

भोपाल, इंदौर और रायसेन में रविवार को कोल्ड-डे जैसी स्थिति रही।
मध्य प्रदेश में सर्दी फिर लौट आई है। रविवार को कई शहरों में दिनभर धूप नहीं खिली। अधिकतम तापमान 22 डिग्री से भी नीचे आ गया। भोपाल, इंदौर, उज्जैन, गुना समेत 15 शहरों में कोल्ड-डे जैसी स्थिति रही। मौसम विभाग ने सोमवार को भी मौसम ऐसा ही रहने का अनुमान जताया है। वहीं, 27 और 28 जनवरी को भोपाल, ग्वालियर और जबलपुर सहित कई जिलों में बारिश हो सकती है। पूरी खबर पढ़ें…
राजस्थान : तीन शहरों का पारा माइनस में पहुंचा, जयपुर-सीकर समेत कई जिलों में ओस जमी; आंधी-बारिश की चेतावनी

रविवार को सीकर में फसलों, खुले में रखी गाड़ियों पर बर्फ जम गई थी।
पहाड़ों पर बर्फबारी के कारण राजस्थान में सर्दी बढ़ गई है। रविवार को फतेहपुर (सीकर), नागौर और माउंट आबू (सिरोही) में पारा माइनस में चला गया। जयपुर, नागौर, सीकर, हनुमानगढ़ समेत कई जिलों में ओस की बूंदें जम गईं। सोमवार से जयपुर सहित 18 जिलों में मौसम बदलेगा। इस दौरान कई जिलों में तेज आंधी चलने के साथ हल्की बारिश और कहीं-कहीं ओले भी गिर सकते हैं। पूरी खबर पढ़ें…
उत्तराखंड : 8 जिलों में बारिश-बर्फबारी की संभावना, नैनीताल, धनौल्टी सहित कई जगहों पर पर्यटकों की भीड़

उत्तरकाशी के हर्षिल में बर्फबारी के बाद पहाड़ और नदियां सफेद हो गईं।
उत्तराखंड में 26 जनवरी को 8 जिलों में बारिश और बर्फबारी की संभावना जताई गई है। इनमें उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर, पिथौरागढ़, देहरादून, नैनीताल और टिहरी गढ़वाल के ऊंचाई वाले इलाके शामिल है। 31 जनवरी तक मौसम ऐसा ही रहने वाला है। पिछले दिनों बर्फबारी के बाद नैनीताल, औली, मुनस्यारी, चोपता, धनौल्टी, मसूरी, चकराता और हर्षिल में पर्यटकों की भीड़ उमड़ रही है। पूरी खबर पढ़ें…
