- Hindi News
- National
- Delhi Murders: Businessman Beaten To Death In Connaught Place; Railway Mans Throat Slit
नई दिल्ली1 मिनट पहले
- कॉपी लिंक
देश की राजधानी दिल्ली में मंगलवार को हत्या के तीन मामले सामने आए। पहली घटना कनॉट प्लेस की है, जहां रात में एक पार्टी में गए 36 साल के बिजनेसमैन की तीन फूड डिलीवरी राइडर्स ने हेलमेट से पीट-पीटकर हत्या कर दी।
दिल्ली के गुलाबी बाग में एक 17 साल के लड़के ने एक रेलवे कर्मचारी पर गैस सिलेंडर से हमला किया और फिर उसका गला काट दिया। नाबालिग लड़के के मुताबिक, रेलवे कर्मी ने उसके साथ जबरदस्ती करने की कोशिश की थी।
वहीं, तीसरी घटना दिल्ली के पांडव नगर इलाके की है। यहां तीन नाबालिगों ने एक 22 साल के युवक की चाकू मारकर हत्या कर दी। मृतक युवक पर आरोप है कि उसने एक नाबालिग पर हमला किया था।
अब तीनों घटना सिलसिलेवार पढ़िए…
1. पानी मांगने पर डिलीवरी राइडर्स ने हेलमेट से पीटा
दिल्ली पुलिस के मुताबिक, लक्ष्मी नगर इलाके के रहने वाले बिजनेसमैन शिवम गुप्ता 2 जनवरी की रात एक दोस्त के साथ पार्टी में शामिल होने कनॉट प्लेस गए थे। पार्टी से निकलने के बाद राजीव चौक मेट्रो स्टेशन के पास उसने एक फूड डिलीवरी एजेंट से पानी मांगा।
इसी बात पर दोनों के बीच कहासुनी हो गई। आरोप है कि डिलीवरी एजेंट ने गुस्से में शिवम के सिर पर हेलमेट से वार किया। उसके दो अन्य साथी भी मौके पर पहुंचे और शिवम को लात-घूंसे मारे। मारपीट में वह सड़क पर गिरकर बेहोश हो गया।
3 जनवरी की सुबह करीब 1:30 बजे पुलिस कंट्रोल रूम को सूचना मिली कि एक व्यक्ति सड़क पर खून से लथपथ बेहोश पड़ा है। पुलिस ने उसे पास के लोक नायक जय प्रकाश हॉस्पिटल पहुंचाया। शिवम को 4 जनवरी को राम मनोहर लोहिया हॉस्पिटल रेफर किया गया। 5 जनवरी को उसकी सर्जरी हुई।
हालांकि, 19 जनवरी को शिवम की मौत हो गई। शिवम अपने माता-पिता का इकलौता बेटा था। परिवार ने दोस्त की भूमिका पर भी सवाल उठाए हैं, जो मौके पर मौजूद था लेकिन परिजनों को तुरंत सूचना नहीं दी।
पुलिस ने घटनास्थल से खून से सना सामान जब्त कर फॉरेंसिक जांच के लिए भेजा है। आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले गए हैं। शुरुआती तौर पर मामला भारतीय न्याय संहिता की धारा 110 (गैर-इरादतन हत्या) और धारा 3(5) (सामान्य उद्देश्य) में दर्ज किया गया है। दो आरोपियों को हिरासत में लिया गया है।
