आगर मालवा के ग्राम दाबढ़िया में एक 16 वर्षीय नाबालिग का शव खेत पर बने कुएं में फंदे से लटका मिला है। यह घटना गुरुवार दोपहर की बताई जा रही है। नाबालिग की पहचान पवन यादव (16) पिता बने सिंह यादव के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार, पवन गुरुवार सुबह करीब 11 बजे अपने घर से खेत पर काम करने के लिए निकला था। दोपहर में जब परिजन खेत पर पहुंचे, तो उन्होंने कुएं पर पानी भरने की गिरनी में बंधी रस्सी से पवन का शव फंदे पर लटका हुआ देखा। पुलिस को मामला लगा संदिग्ध परिजनों ने तत्काल घटना की सूचना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक कार्रवाई की। शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भिजवाया गया, जिसके बाद उसे परिजनों को सौंप दिया गया। पुलिस का कहना है कि मामला प्रथम दृष्टया संदिग्ध प्रतीत हो रहा है। अभी यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि यह आत्महत्या है या किसी अन्य कारण से हुई घटना है। कोतवाली पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है।
Source link
