शहर में लंबे समय से प्रतीक्षित प्रेस क्लब गठन की प्रक्रिया को अब नई गति मिल गई है। मंगल पांडे नगर स्थित प्रेस क्लब भवन में आयोजित दा प्रेस क्लब की विशेष बैठक में कार्यसमिति में बदलाव और विस्तार की घोषणा की गई। बैठक की अध्यक्षता वरिष्ठ पत्रकार व अमर उजाला के पूर्व संपादक नीरज कांत राही ने की, जबकि संचालन क्लब के संयोजक दिनेश चन्द्रा ने किया।बैठक में प्रेस क्लब को मजबूत और सक्रिय मंच के रूप में विकसित करने पर विस्तार से चर्चा हुई। संयोजक एवं मुख्य सचेतक दिनेश चन्द्रा ने कार्यसमिति में किए गए बदलावों की जानकारी दी और कहा कि संगठन को समावेशी और प्रभावी बनाने के लिए यह विस्तार जरूरी था।
वरिष्ठ पत्रकार नीरज कांत राही ने कहा कि प्रेस क्लब पत्रकारों की एकजुटता, स्वतंत्रता और गरिमा का प्रतीक होना चाहिए। मेरठ में एक सशक्त प्रेस क्लब की आवश्यकता लंबे समय से महसूस की जा रही थी, जिसे अब ठोस रूप दिया जा रहा है। दा प्रेस क्लब के अध्यक्ष रवि शर्मा ने कहा कि यह संगठन सभी पत्रकारों का साझा मंच होगा। इसका उद्देश्य पत्रकारों के अधिकारों की रक्षा, उनकी समस्याओं का समाधान और सकारात्मक व जिम्मेदार पत्रकारिता को बढ़ावा देना है। वरिष्ठ उपाध्यक्ष शादाब रिजवी ने कहा कि प्रेस क्लब को ऐसा जीवंत मंच बनाया जाएगा, जहां पत्रकार खुलकर अपनी बात रख सकें और संगठित होकर आगे बढ़ें। वहीं, महामंत्री के के शर्मा ने बताया कि आने वाले समय में प्रशिक्षण, संवाद और सामाजिक सहभागिता से जुड़े कार्यक्रम नियमित रूप से आयोजित किए जाएंगे।
बैठक में दो प्रमुख कार्यक्रमों की भी घोषणा की गई। 15 फरवरी 2026 को होटल हारमनी में पत्रकार सम्मेलन और 3 मार्च 2026 को प्रेस क्लब भवन में होली मिलन समारोह आयोजित किया जाएगा।
Source link
