उत्तर प्रदेश के मऊ जिले में एक हैरान कर देने वाली घटना सामने आई है, जहां एक पेट्रोल पंप कर्मी का मोबाइल चोरी हो गया। चोरी की यह वारदात सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है, जिसमें एक व्यक्ति वर्दी पहने हुए दिखाई दे रहा है। यह घटना सरायलखंसी थाना क्षेत्र के पनियरा स्थित एक पेट्रोल पंप पर हुई। रात करीब 4:25 बजे एक बाइक सवार व्यक्ति पंप के सामने रुका। उसने पहले आसपास देखा, फिर सोते हुए पेट्रोल पंप कर्मी के पास पहुंचा। कुछ देर तक इधर-उधर देखने के बाद, उस व्यक्ति ने कर्मी के सिरहाने रखा मोबाइल उठाया और अपनी जेब में रख लिया। इसके बाद वह अपनी बाइक स्टार्ट कर मौके से फरार हो गया। सुबह जब पेट्रोल पंप कर्मी जागा तो उसने अपना मोबाइल गायब पाया। काफी तलाश करने के बाद भी जब मोबाइल नहीं मिला, तो उसने सीसीटीवी फुटेज खंगाले। फुटेज में चोरी की पूरी वारदात स्पष्ट रूप से रिकॉर्ड हो गई थी। यह वीडियो सोशल मीडिया पर है। फिलहाल, पुलिस की ओर से इस मामले में कोई आधिकारिक बयान नहीं आया है। बताया जा रहा है कि होमगार्ड परीक्षा के कारण पुलिस का पक्ष अभी तक नहीं मिल पाया है। वर्दी में दिख रहे व्यक्ति की पहचान और उसकी पोस्टिंग के संबंध में जानकारी जुटाई जा रही है।
Source link
