जयपुर-नागौर फलोदी मेगा हाईवे पर गुरुवार सुबह स्कूल बस का एक्सीडेंट हो गया। रोड पर गड्ढो से अनियंत्रित हुई स्लीपर बस ने स्कूल बस को टक्कर मार दी। हादसे के दौरान 11 हजार केवी का बिजली पोल टूटकर स्कूल बस पर गिर गया। फुलेरा थाना पुलिस ने हादसे में घायल 6 बच्चों को प्राइवेट हॉस्पिटल में एडमिट करवाया। बिजली बंद होने के कारण बड़ा हादसा होने से टल गया। पुलिस ने बताया- हादसा सुबह करीब 7:30 बजे फुलेरा में खतवाडी मोड पर हुआ। एक स्लीपर बस में सवार होकर लोग फरीदाबाद से मकराना शादी में शामिल होने जा रहे थे। इसी दौरान जयपुर-नागौर फलोदी मेगा हाईवे पर खतवाडी मोड पर एक स्कूल की बस बच्चों को बैठाने के लिए खड़ी थी। इसी दौरान सड़क पर हो रहे गड्ढों के चलते जोबनेर की ओर से आ रही स्लीपर बस अनियंत्रित हो गई। जिसके कारण स्लीपर बस रोड किनारे लगे 11 हजार केवी के पोल से जा टकराई। टक्कर से पोल टूटकर वहां खड़ी स्कूल बस के ऊपर गिरा। स्लीपर बस पोल तोड़ते हुए बस स्टेंड पर लगी कुर्सियों में जा घुसी। वहां बैठे लोगों ने भागकर अपनी जान बचाई। अनियंत्रित स्लीपर बस ने उसके बाद स्कूल बस को पीछे से टक्कर मारी, जिसके बाद एक पेड़ से टकराकर रुकी। स्कूल बस के टक्कर लगने पर उसमें सवार 6 बच्चे घायल हो गए। पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से घायल बच्चों को तुरंत नजदीकी हॉस्पिटल में एडमिट करवाया। ग्रामीण रामनारायण जाट का कहना है कि बारिश के चलते 11 हजार केवी बिजली लाइन में फाल्ट हो गया था। जिसके कारण बिजली कटी हुई थी। पोल से टकराने के समय बिजली बंद होने के कारण बड़ा हादसा होने से टल गया।
Source link
