सागर नगर निगम ने राजस्व वसूली के लिए बकायादारों पर एक्शन लिया है। उन्होंने निगम क्षेत्र के 22 हजार बकायादारों को नोटिस जारी किए हैं। राजस्व अधिकारी ब्रजेश तिवारी ने बताया कि नगर निगम सागर के तहत सभी वार्डों में संपत्ति कर, जल कर, कचरा प्रबंधन शुल्क, दुकानों के किराये सहित विभिन्न करों की बकाया राशि जमा कराने के लिए करीब 22 हजार नोटिस जारी किए गए हैं। साथ ही वार्ड स्तर पर विशेष वसूली शिविर भी आयोजित किए जा रहे हैं। जिससे अधिक से अधिक बकाया राशि जमा कराई जा सके। निगमायुक्त राजकुमार खत्री ने राजस्व वसूली की प्रगति की समीक्षा के दौरान राजस्व अधिकारी, सभी राजस्व निरीक्षकों और कर संग्राहकों को निर्देश दिए कि निर्धारित लक्ष्य के अनुसार वसूली सुनिश्चित की जाए। उन्होंने कहा कि जिन बड़े बकायादारों को नोटिस जारी किए जाने के बाद भी बकाया कर जमा नहीं कराया जाता है तो उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए। जरूरत पड़ने पर तालाबंदी करते हुए कुर्की की कार्रवाई शुरू की जाए। लापरवाही बरतने पर कर्मचारियों पर होगी कार्रवाई निगमायुक्त ने अधिकारियों को चेतावनी देते हुए कहा कि राजस्व वसूली में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। यदि लक्ष्य के अनुरूप प्रगति नहीं पाई गई तो संबंधित कर संग्राहकों के खिलाफ वेतन वृद्धि रोकने सहित अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी। जिसकी पूरी जिम्मेदारी संबंधित कर्मचारी की होगी। उन्होंने प्रतिदिन की राजस्व वसूली की प्रगति रिपोर्ट मांगी है।
Source link
