हिसार जिले में कॉमन सर्विस सेंटर (सीएससी) द्वारा प्रदान की जा रही डिजिटल सेवाओं की समीक्षा के लिए शनिवार को एक बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिला प्रशासन के अधिकारियों के साथ सीएससी हेड आशीष शर्मा, जिला प्रबंधक विकास वर्मा, विकास कौशिक और आधार से संदीप सहित 300 से अधिक सीएससी संचालकों ने भाग लिया। इस दौरान जानकारी दी गई कि सरल पोर्टल और सीएससी केंद्रों के माध्यम से 59 विभागों की 763 से अधिक सेवाएं आमजन को उपलब्ध कराई जा रही हैं। इनमें यूसीएल, आधार, जन्म-मृत्यु प्रमाण पत्र जैसी विभिन्न सेवाएं और योजनाएं शामिल हैं। पूरे प्रदेश में सरल पोर्टल पर डाटा अपडेट के लिए कुल 773 सेवाएं संचालित की जा रही हैं। बेहतर कार्य करने वाले सीएससी संचालक सम्मानित इस अवसर पर उत्कृष्ट कार्य करने वाले सीएससी संचालकों को सम्मानित भी किया गया। डिजिटल सेवा पोर्टल पर बेहतर प्रदर्शन के लिए पवन डाटा, कुलदीप भाटला, राजू खैरी जालाब, मोहित कथूरिया नंगथला और मनदीप (सरसौद) को पुरस्कृत किया गया। डिजीपे के माध्यम से अधिकतम लेनदेन करने वाले संचालकों में सुंदर (उगालन), मुकेश (मिर्जापुर), सचिन (हांसी), बंसीलाल (बहबलपुर) और अंकुर (हांसी) शामिल थे। इसके अतिरिक्त, इंश्योरेंस स्कीम में एचडीएफसी एर्गो के साथ उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए मोहित कथूरिया और प्रदीप (रावलवास कलां) को भी सम्मानित किया गया। सीएससी केंद्र आमजन, विशेषकर किसानों और छात्रों के लिए एक ही छत के नीचे विभिन्न ऑनलाइन सेवाएं प्रदान कर रहे हैं। केंद्र और राज्य सरकारें लगातार डिजिटल सेवाओं का विस्तार कर रही हैं। सभी केंद्रों पर रेट लिस्ट लगाना अनिवार्य : विकास वर्मा इन केंद्रों पर आयुष्मान कार्ड, फसल बीमा, उज्ज्वला योजना, पेंशन, क्रेडिट कार्ड, पासपोर्ट आवेदन, पैन कार्ड, जीवन प्रमाण पत्र, ई-स्टाम्प, परिवहन सेवाएं, बैंक मित्र, फास्टैग, आईआरसीटीसी सेवाएं, बिल भुगतान, डीटीएच व मोबाइल रिचार्ज, आयकर रिटर्न और राशन कार्ड जैसी कई महत्वपूर्ण सेवाएं उपलब्ध हैं। जिला प्रशासन के विकास वर्मा ने बताया कि सभी सीएससी केंद्रों पर सेवाओं की रेट लिस्ट लगाना अनिवार्य है। जिन केंद्रों पर यह सूची नहीं पाई जाएगी, उनकी आईडी बंद कर दी जाएगी। उन्होंने सीएससी संचालकों से पारदर्शिता, समयबद्ध सेवा और आमजन की संतुष्टि को प्राथमिकता देने का आह्वान किया।
Source link
