सीतापुर के कोतवाली नगर क्षेत्र की फलमंडी में गाड़ी खड़ी करने को लेकर हुए विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। दबंगों ने धारदार हथियार से हमला कर तीन लोगों को गंभीर रूप से घायल कर दिया। घटना से मंडी क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई। घायलों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। जानकारी के अनुसार, गल्ला मंडी में वाहन खड़ा करने को लेकर पहले कहासुनी हुई, जो देखते ही देखते मारपीट में बदल गई। आरोप है कि शफीक पुत्र गरीबें, फहीम पुत्र गरीबें और नफीस ने मिलकर मुईन पुत्र मुबीन, मुजम्मिल पुत्र मोबिन और एक अन्य व्यक्ति पर धारदार हथियार से हमला कर दिया। हमलावरों ने एक के बाद एक कई वार किए, जिससे तीनों गंभीर रूप से घायल हो गए। हमले में मुईन की हालत सबसे ज्यादा नाजुक बताई जा रही है। उसे तत्काल जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर स्थिति को देखते हुए लखनऊ रेफर कर दिया गया। अन्य घायलों का इलाज जिला अस्पताल में जारी है। चिकित्सकों के अनुसार घायलों को धारदार हथियार से गहरे जख्म आए हैं। घटना की सूचना मिलते ही कोतवाली नगर पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया। पुलिस ने घायलों के बयान दर्ज कर लिए हैं और आरोपियों की तलाश शुरू कर दी गई है। प्रारंभिक जांच में गाड़ी खड़ी करने को लेकर विवाद की बात सामने आई है, हालांकि पुलिस अन्य पहलुओं की भी जांच कर रही है। पुलिस ने इस मामले में घायलों के बयान के आधार पर जांच पड़ताल शुरू कर एक आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। मेडिकल रिपोर्ट के आधार पर अग्रिम विधिक कार्रवाई की जाएगी।
Source link
