आप नेता के प्री-वेडिंग शूट में असली पुलिसकर्मी एक्टिंग करते हुए। वीडियो में नेता के इशारे पर काम करते दिख रहे इंस्पेक्टर।
पंजाब के गुरदासपुर स्थित बटाला में कुछ पुलिसकर्मी AAP नेता के करीबी की प्री-वेडिंग शूट में एक्टिंग करते दिखे। शूटिंग का एक वीडियो भी सामने आया, जिसमें पुलिस इंस्पेक्टर सुरिंदर सिंह उनके इशारों पर महिला को चेकिंग के दौरान छोड़ते दिख रहे हैं और सैल्यूट
.
इंस्पेक्टर सुरिंदर सिंह हाल ही में ट्रैफिक नियमों का उल्लंघन करने वालों पर सख्त कार्रवाई करने को लेकर चर्चा में आए थे। वो ट्रैफिक नियम तोड़ने वालों पर एक्शन के साथ उन्हें सीख देने के वीडियो भी बनाते थे।
मामला सामने आने पर आम आदमी पार्टी सरकार को विपक्ष ने घेरना शुरू कर दिया है। भाजपा नेता सुनील जाखड़ और अकाली नेता विक्रम सिंह मजीठिया ने कहा कि एक तरफ गुरदासपुर में दो पुलिसकर्मियों का सरेआम आतंकियों के इशारे पर मार दिया जाता है और दूसरी तरफ पुलिस वीडियो शूट करने में बिजी है।
वहीं, मामले में डीएसपी तजिंदर सिंह ने कहा कि इंस्पेक्टर सुरिंदर सिंह को लाइन हाजिर किया गया है। उन्होंने वीडियो में दिखाई दे रहे सभी पुलिस अधिकारियों की भी निंदा की।
वीडियो में शादी से पहले हथियारों का खुलेआम प्रदर्शन किया गया।
अब सबसे पहले जानिए VIDEO में क्या दिख रहा…
- AAP लीडर के करीबी की शूटिंग में पुलिसकर्मी दिखेः दरअसल, सारा विवाद आम आदमी पार्टी के विधायक अमनशेर सिंह शेरी कलसी के करीबी और बटाला मार्केट कमेटी के चेयरमैन मानिक मेहता से जुड़ा है। मानिक मेहता ने शादी से पहले प्री-वेडिंग वीडियो बनाया, जिसमें पंजाब पुलिस के कई असली कर्मी दिखे।
- पुलिसकर्मियों की मौजूदगी में बंदूक लहरा रहेः वीडियो में मानिक मेहता पहले तो कई बॉडीगार्ड्स के साथ बंदूकें लहराते दिख रहे हैं। इसमें वो पुलिसकर्मियों की मौजूदगी में भी हथियारों का खुलेआम प्रदर्शन कर रहे हैं। उनके चारों तरफ बड़ा सुरक्षा घेरा दिख रहा। वीडियो में वो अपना रोब झाड़ते दिख रहे हैं।
- मानिक के इशारे पर काम करते दिखे इंस्पेक्टरः वीडियो में इसके बाद वो कई गाड़ियों के काफिले के साथ सड़क पर तेजी से जाते दिख रहे हैं। आगे बढ़ते ही पुलिस चेकिंग के दौरान ट्रैफिक पुलिस इंचार्ज इंस्पेक्टर सुरिंदर सिंह एक युवती को बिना हेलमेट स्कूटी चलाने पर उसका चालान काट रहे होते हैं। तभी मानिक गाड़ी से उसे छोड़ने का इशारा करते हैं।
- सेल्यूट कर नियम तोड़ती लड़की को छोड़ाः मानिक का इशारा देखते ही सुरिंदर सिंह ट्रैफिक नियम तोड़ने वाली लड़की को जाने को कहते हैं और मानिक को सेल्यूट भी करते दिख रहे हैं। युवती फिर बिना हेलमेट के खुशी से स्कूटी चलाकर जाती दिखती है और सभी पुलिसकर्मी साइड होकर देखते रहते हैं।
देखिए प्री-वेडिंग शूट के PHOTOS…

प्री-वेडिंग शूट में AAP नेता और बटाला मार्केट कमेटी के चेयरमैन मानिक मेहता हथियारों के साथ निकलते दिखे।

इसके बाद वो अपने काफिले के साथ बटाला की सड़कों पर निकलते हैं और तभी एक लड़की का चालान काट रहे इंस्पेक्टर को छोड़ने का इशारा करते हैं।

वीडियो में पुलिस इंस्पेक्टर सुरिंदर सिंह एक युवती का चालान काट रहे हैं।

बिना हेलमेट स्कूटी चला रही महिला को मानिक के कहने पर बिना चालान काटे छोड़ते पुलिसकर्मी। सभी पीछे हाथ कर खड़े हैं।
विपक्ष ने AAP सरकार को घेरा
भाजपा ने पुलिस व्यवस्था पर उठाए सवाल
बटाला मार्केट कमेटी के चेयरमैन मानिक मेहता के प्री-वेडिंग शूट वीडियो में पुलिसकर्मियों के शामिल होने पर विपक्षी नेताओं ने आप सरकार को घेरा है। भाजपा नेता सुनील जाखड़ ने कहा कि पंजाब में पुलिस व्यवस्था पूरी तरह फेल साबित हो रही है। हर दूसरे दिन मर्डर हो रहा है और यहां तक की पुलिस कर्मियों को भी मारा जा रहा है, लेकिन पुलिस कोई एक्शन नहीं लेती बल्कि उसके कर्मी खुद वीडियो शूटिंग में बिजी है।
मजीठिया बोले- AAP के लिए शूटिंग लोगों की सुरक्षा से जरूरी
वहीं, अकाली नेता विक्रम सिंह मजीठिया ने कहा कि पंजाब में एक तरफ सरहदी जिले गुरदासपुर में अंतरराष्ट्रीय सीमा पर दो पुलिस कर्मचारियों की हत्या हो गई। पंजाब पुलिस को अब तक यह पता नहीं चल पाया कि हत्या किसने की और कैसे हुई। दूसरी ओर मार्केट कमेटी बटाला के नव-नियुक्त चेयरमैन इंजीनियर मानिक मेहता की प्री-वेडिंग शूट चल रही है, जिसमें असली पुलिस कर्मचारियों का इस्तेमाल किया गया है। उन्होंने पूछा कि क्या आम आदमी पार्टी के नेताओं की प्री-वेडिंग पुलिस कर्मचारियों की सुरक्षा से ज्यादा महत्वपूर्ण है?

डीएसपी तजिंदर पाल सिंह प्रेस कॉफ्रेंस कर जानकारी देते हुए।
DSP बोले- वीडियो में पुलिसकर्मियों का आना निंदनीय, कार्रवाई होगी
मामले में बटाला के डीएसपी तजिंदर पाल सिंह ने कहा कि सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो में दिखाई दे रहे पुलिस अधिकारियों ने बिना अनुमति वीडियो में भाग लिया है। यह निंदनीय है। इसके खिलाफ विभागीय जांच की जा रही है। जांच पूरी होने के बाद इसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
