मेरठ बार एसोसिएशन की नवनिर्वाचित प्रबंध समिति की परिचय बैठक में हाई कोर्ट बेंच की मांग के आंदोलन को तेज करने का निर्णय लिया गया है। इसी कड़ी में शनिवार को अधिवक्ता काम बंद रखेंगे और कचहरी परिसर में जुलूस निकालेंगे। यह परिचय बैठक मेरठ बार के सुभाष चंद्र बोस सभागार में आयोजित की गई। इसकी अध्यक्षता नवनियुक्त अध्यक्ष अनुज कुमार शर्मा ने की, जबकि संचालन महामंत्री परवेज आलम ने किया। बैठक में प्रबंध समिति के पदाधिकारियों और कार्यकारिणी सदस्यों से हाई कोर्ट बेंच आंदोलन को प्रभावी बनाने के सुझाव मांगे गए। बैठक में यह भी तय किया गया कि हाई कोर्ट बेंच आंदोलन को लेकर पिछले 50 वर्षों से चली आ रही शनिवार की साप्ताहिक हड़ताल को और प्रभावी बनाया जाएगा। अधिवक्ताओं से अपील की जाएगी कि वे शनिवार को न्यायालयों में उपस्थित न हों। अध्यक्ष अनुज कुमार शर्मा और महामंत्री परवेज आलम ने बताया कि अधिवक्ता शनिवार की कामबंदी का सख्ती से पालन करेंगे। इस दौरान बार पदाधिकारी और वरिष्ठ अधिवक्ता कचहरी परिसर में जुलूस निकालेंगे। वे न्यायिक अधिकारियों से अपील करेंगे कि हाई कोर्ट बेंच की मांग को लेकर अधिवक्ताओं के आंदोलन को देखते हुए शनिवार को किसी भी मामले में कोई प्रतिकूल निर्णय न दिया जाए। दोनों पदाधिकारियों ने अधिवक्ताओं पर फर्जी आरोप लगाकर मुकदमे दर्ज कराने की घटनाओं पर चिंता व्यक्त की। उन्होंने बताया कि हाल ही में मवाना थाने में एक महिला अधिवक्ता के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कर उसे हिरासत में लिया गया था। बैठक में निर्णय लिया गया कि यदि किसी अधिवक्ता के विरुद्ध कोई तहरीर मिलती है, तो उस पर मुकदमा दर्ज करने और गिरफ्तारी से पहले पुलिस अधिकारियों को मेरठ बार को विश्वास में लेना होगा। पदाधिकारियों ने वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) से भी जनपद के पुलिस अधिकारियों को इस संबंध में आवश्यक निर्देश जारी करने की मांग की है।
Source link
