सहारनपुर के सरसावा थाना क्षेत्र में पॉक्सो एक्ट के मुकदमे में फरार आरोपी को पुलिस ने मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। आरोपी ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर भागने की कोशिश की, जिसके जवाब में पुलिस की आत्मरक्षार्थ की गई कार्रवाई में उसके पैर में गोली लगी। घायल अवस्था में उसे पकड़कर अस्पताल में भर्ती कराया गया है। एसपी देहात मयंक पाठक ने बताया कि मंगलवार को सरसावा थाना पुलिस रायपुर रोड पर संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान एक युवक पुलिस को देखकर भागने लगा और एमटीएस स्कूल के पीछे आम के बाग की ओर दौड़ पड़ा। पुलिस टीम ने उसे रुकने का इशारा किया, लेकिन वह नहीं रुका। पीछा किए जाने पर आरोपी ने पुलिस पार्टी पर जान से मारने की नीयत से फायरिंग कर दी। इसके बाद पुलिस ने जवाबी कार्रवाई की, जिसमें आरोपी के बाएं पैर में गोली लगी और उसे मौके से दबोच लिया गया। गिरफ्तार आरोपी की पहचान दानिश पुत्र सुलेमान के रूप में हुई है। पुलिस पूछताछ में आरोपी ने बताया कि उसने पड़ोसी की नाबालिग बच्ची के साथ छत पर खेलते समय छेड़छाड़ की थी। शिकायत करने पहुंची बच्ची की मां को भी उसने धमकाया और भला-बुरा कहा था, ताकि परिवार पुलिस में शिकायत न करे। बाद में मुकदमा दर्ज होने पर वह इधर-उधर छिपकर रह रहा था। आरोपी ने यह भी बताया कि मंगलवार को वह पुलिस से बचने के लिए कहीं बाहर जाने की फिराक में था। इसी दौरान पुलिस को देखकर पकड़े जाने के डर से उसने फायरिंग कर दी। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से एक तमंचा .315 बोर, दो जिंदा कारतूस और दो खोखा कारतूस बरामद किए हैं।पुलिस के मुताबिक, दानिश शातिर किस्म का अपराधी है। उसके खिलाफ चोरी, आर्म्स एक्ट, आबकारी अधिनियम और लूट समेत आधा दर्जन से अधिक मुकदमे पहले से दर्ज हैं।
Source link
