इंदौर के लसूड़िया इलाके में एक बुजुर्ग व्यक्ति ने अपनी देखरेख के लिए एक लड़के को रखा। मगर उस लड़के ने ही घर की अलमारी से नकदी, सोने की अंगूठी, एमटीएम और यूपीआई ट्रांजेक्शन से पैसे निकाल लिए। जब बुजुर्ग को इसका पता चला तो उन्होंने थाने में इसकी शिकायत की और लड़के पर शंका जाहिर की। पुलिस ने मामले में लड़के को हिरासत में ले लिया है। उससे पूछताछ की जा रही है। कई ट्रांजेक्शन कर निकाले 70 हजार लसूडिया टीआई तारेश सोनी ने बताया कि योगेंद्र कुमार (75) पिता शंकरलाल विजयवर्गीय निवासी सेक्टर-आर, महालक्ष्मी नगर की शिकायत पर दीपेश पिता प्रेमलाल यादव निवासी ललितपुर यूपी, हाल पता बंगाली चौराहे के खिलाफ कायमी की। फरियादी ने पुलिस को बताया कि उन्होंने उनकी देखरेख के लिए दीपेश को फरवरी 2026 में रखा था। पिछले दिनों जब उन्होंने मोबाइल से अपना बैंक खाता चेक किया तो 24 फरवरी के दो ट्रांजेक्शन और 25 फरवरी के 4 ट्रांजेक्शन एटीएम के माध्यम से कुल 70 हजार रुपए के ट्रांजेक्शन दिखे। अलमारी में रखी अंगूठी और पैसे भी गायब इसके अलावा यूपीआई के माध्यम से 20 हजार रुपए के ट्रांजेक्शन मिले, जो कि उन्होंने किए ही नहीं थे। शंका होने पर उन्होंने घर में रखी अलमारी को चेक किया, तो उनकी अलमारी में रखे 25 हजार रुपए नगद और पत्नी की अलमारी में रखे 70 हजार रुपए नगद नहीं मिले। इसके अलावा उनकी खुद की सोने की 10 ग्राम की अंगूठी नहीं मिली। इस पर उन्हें दीपेश पर शंका हुई, जिसके बाद उन्होंने पुलिस में उसके खिलाफ शिकायत की। संदेही से पूछताछ जारी टीआई सोनी ने बताया कि बुजुर्ग की शिकायत के बाद मामले में दीपेश को हिरासत में लेकर पूछताछ की। प्रांरभिक जांच में सामने आ रहा है कि वारदात को उसने ही अंजाम दिया है। फिलहाल उससे पूछताछ की जा रही है। संभवत: जल्द ही उसकी गिरफ्तारी ली जा सकती है।
Source link
