पंचकूला जिले के कालका में पिंजौर- धरमपुर कॉलोनी में सैलून संचालक ने फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। दुकान के अंदर ही शव लटका हुआ था। मृतक की पहचान 30 वर्षीय सलमान के रूप में हुई है। मृतक के भाई मोहम्मद चांद ने बताया कि वे रात से सलमान को फोन कर रहे थे, लेकिन उसने फोन नहीं उठाया। सुबह जब वे दुकान पर पहुंचे, तो शटर का ताला खुला था। दुकान में अंदर जाकर देखने पर सलमान छत में पंखे के लिए लगी कुंडी से रस्सी का फंदा लगाकर लटका हुआ मिला। चांद ने बताया कि सलमान का अपनी पत्नी से झगड़ा हुआ था। दो दिन पहले उसका साला, पत्नी को अपने साथ ले गया था। इसी बात से परेशान होकर सलमान ने यह कदम उठाया। किराए के मकान में रहता था सलमान अपने पीछे एक बेटी और एक बेटा छोड़ गया हैं। सलमान मूल रुप से यूपी के बिजनौर जिले का रहने वाला था और यहां पर किराए के मकान में रहता था। घटना की सूचना तुरंत स्थानीय पुलिस को दी गई। मौके पर फॉरेंसिक टीम भी पहुंची। पिंजौर थाना प्रभारी बच्चू सिंह और कालका थाना प्रभारी मनसा राम भी घटनास्थल पर मौजूद थे। मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए कालका अस्पताल की मोर्चरी में भिजवाया गया है और पुलिस आगे की जांच कर रही है।
Source link
