![]()
सेंट्रल बोर्ड ऑफ सेकेंडरी एजुकेशन (CBSE) ने शनिवार को ईरान-इजराइल विवाद के बीच मिडिल ईस्ट इलाके में 9, 10 और 11 मार्च को होने वाली 12वीं कक्षा की बोर्ड परीक्षाएं टाल दी हैं। CBSE एग्जामिनेशन कंट्रोलर संयम भारद्वाज ने कहा, “मिडिल ईस्ट के कुछ हिस्सों बहरीन, ईरान, कुवैत, ओमान, कतर, सऊदी अरब और UAE में मौजूदा हालात की वजह से, बोर्ड ने परीक्षाएं टालने का फैसला किया है। नई तारीखें बाद में बताई जाएंगी। आगे की परीक्षाओं के लिए 10 मार्च को रिव्यू किया जाएगा।” इससे पहले, बोर्ड ने इन देशों में 2 मार्च, 5 मार्च और 7 मार्च को होने वाली परीक्षाएं टाल दी थीं। बोर्ड ने 11 मार्च तक क्लास 10 की परीक्षाएं कैंसिल कर दी हैं और कहा कि रिजल्ट घोषित करने का तरीका अलग से बताया जाएगा। आज की बाकी बड़ी खबरें… एअर इंडिया और एआई एक्सप्रेस 8 मार्च से यूएई के लिए एक्स्ट्रा उड़ानें संचालित करेंगी पश्चिम एशिया के कुछ हिस्सों में हवाई क्षेत्र पर लगे प्रतिबंधों के बीच एयर इंडिया और एयर इंडिया एक्सप्रेस फंसे यात्रियों की मदद के लिए अतिरिक्त उड़ानें संचालित कर रही हैं। एयरलाइंस ने बताया कि 8 मार्च को यूएई के लिए अतिरिक्त गैर-निर्धारित (नॉन-शेड्यूल्ड) उड़ानें भी चलाई जाएंगी, ताकि क्षेत्र में हवाई यातायात प्रभावित होने के कारण फंसे यात्रियों को उनके गंतव्य तक पहुंचाया जा सके। प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, सऊदी अरब और ओमान के ऊपर हवाई क्षेत्र खुला हुआ है, जिससे एयरलाइंस जेद्दा और मस्कट के लिए नियमित उड़ान सेवाएं जारी रख पा रही हैं। एयर इंडिया दिल्ली और मुंबई से जेद्दा के बीच निर्धारित उड़ानें संचालित कर रही है। वहीं एयर इंडिया एक्सप्रेस मस्कट को दिल्ली, कोच्चि, कोझिकोड, मंगलुरु, मुंबई और कन्नूर से जोड़ने वाली उड़ानें चला रही है। इसके अलावा जेद्दा से बेंगलुरु, कोझिकोड और मंगलुरु के लिए भी सेवाएं जारी हैं।
Source link
