बलरामपुर-रामानुजगंज जिले के लोधा गांव में एक युवक को जंगली हाथी की तस्वीर लेना महंगा पड़ गया। हाथी ने गुस्सा होकर युवक की बाइक उठाकर पटक दी, जिससे बाइक डैमेज हो गई। हालांकि, युवक समय रहते अपनी जान बचाकर भागने में सफल रहा। यह घटना बुधवार दोपहर करीब 3 बजे की है, जब लोधा गांव के तीन युवक बाइक से जा रहे थे। रास्ते में उन्हें एक जंगली हाथी दिखाई दिया। युवकों ने अपनी बाइक रोकी और उनमें से एक ने हाथी की तस्वीर खींचनी शुरू कर दी। तस्वीर खींचने के दौरान हाथी अचानक भड़क गया और युवक की ओर दौड़ने लगा। स्थिति की गंभीरता को भांपते हुए युवक ने तुरंत अपनी बाइक वहीं छोड़ दी और अपनी जान बचाने के लिए भागा। हाथी ने बाइक उठाकर पटक दी, युवक बाल-बाल बचा इसके बाद, गुस्साए हाथी ने बाइक को अपनी सूंड से उठाया और जमीन पर पटक दिया, जिससे बाइक बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। गनीमत रही कि युवक समय पर वहां से भाग गया, जिससे उसकी जान बच गई और कोई जनहानि नहीं हुई। स्थानीय लोगों के अनुसार, इस जंगल क्षेत्र में हाथियों की आवाजाही अक्सर रहती है। वे सलाह देते हैं कि लोगों को जंगली जानवरों के पास जाकर फोटो या वीडियो बनाने से बचना चाहिए, क्योंकि जानवर इंसानों की तरह स्थिति को समझ नहीं पाते और कभी भी हमला कर सकते हैं। वन विभाग के डिप्टी रेंजर साधु शरण दुबे ने भी लोगों से अपील की है कि वे जंगली हाथियों से सुरक्षित दूरी बनाए रखें। उन्होंने किसी भी तरह की छेड़छाड़ या फोटो खींचने जैसी हरकतों से बचने की सलाह दी है, ताकि किसी की जान जोखिम में न पड़े।
Source link
