देश भर के राज्यों में पिछले दो दिनों से आंधी, बारिश और ओलावृष्टि का दौरा जारी है। राजस्थान के कई हिस्सों में सोमवार को भी हल्की बारिश हुई। इसके बाद तापमान में 2 से 4 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट दर्ज की गई है। हनुमानगढ़ में अधिकतम तापमान 3.7°C गिरकर 26.9°C दर्ज हुआ। उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर में सोमवार रात झमाझम बारिश हुई। कई इलाकों में ओले भी गिरे। बिजनौर में तेज आंधी की वजह से पेड़ उखड़ गए। सहारनपुर में आंधी की वजह से टीन शेड गिरने से पूर्व प्रधान समेत 2 लोगों की मौत हो गई। इधर, कश्मीर, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड के अधिकांश ऊंचाई वाले इलाकों में भारी बर्फबारी हुई। बर्फबारी के कारण गुरेज-बांदीपोरा रोड, सिंथन-किश्तवाड़ रोड और मुगल रोड बंद हो गई है। वहीं जोजिला दर्रे पर बर्फ जमने से श्रीनगर-लेह हाईवे भी बंद कर दिया गया। उत्तराखंड के चमोली जिले के ऊंचाई वाले इलाकों में रविवार रात से भारी बर्फबारी हो रही है। इसके कारण श्री बद्रीनाथ धाम का मंदिर परिसर पूरी तरह बर्फ की मोटी चादर से ढक गया है। बर्फबारी के कारण केदारनाथ में तापमान -11°C तक गिर गया। इससे पहले जनवरी में केदारनाथ धाम में तापमान -16°C तक गिर गया था। अगले 2 दिन के मौसम का हाल 18 मार्च- छत्तीसगढ़, हिमाचल प्रदेश, जम्मू-कश्मीर, लद्दाख में कुछ जगहों पर गरज के साथ ओले गिरने की आशंका है। राजस्थान, आंध्र प्रदेश, गुजरात, मध्य प्रदेश, महाराष्ट्र, तेलंगाना और उत्तराखंड में पर बिजली के साथ 40–50kmph की रफ्तार से आंधी चल सकती है। 19 मार्च- हिमाचल प्रदेश और जम्मू-कश्मीर में भारी बारिश हो सकती है। छत्तीसगढ़, मध्य प्रदेश और उत्तराखंड में गरज के साथ ओले गिर सकते हैं। उत्तराखंड में कुछ जगहों पर 50–60kmph की रफ्तार से आंधी का अलर्ट है। राज्यों से मौसम की खबरें… राजस्थान: आज आंधी-बारिश के साथ ओले गिरने का अलर्ट, तापमान घटा; कल से फिर बदलेगा मौसम
पिछले दो दिन बारिश और ओले गिरने के बाद प्रदेश में गर्मी का असर कम हो गया। सोमवार को कुछ शहरों में अधिकतम तापमान सामान्य के नीचे पहुंच गया। हालांकि 18 मार्च से एक स्ट्रॉन्ग सिस्टम एक्टिव होने की संभाभवना है। इसके असर से हल्की बारिश, आंधी और कुछ जगहों पर ओले गिर सकते हैं। पढ़ें पूरी खबर… मध्य प्रदेश: कल से नया सिस्टम एक्टिव, आधे जिलों में असर, आज फिर बढ़ेगा तापमान प्रदेश में 18 मार्च से स्ट्रॉन्ग वेस्टर्न डिस्टरबेंस (पश्चिमी विक्षोभ) एक्टिव हो रहा है। इससे अगले 3 दिन तक प्रदेश के आधे जिलों में आंधी, बारिश और गरज-चमक का दौर बना रहेगा। भोपाल, इंदौर, ग्वालियर, उज्जैन और जबलपुर में भी असर दिखेगा। इससे पहले सोमवार को पूरे प्रदेश में गर्मी का असर रहा। मंगलवार को भी तेज गर्मी रहेगी। पढ़ें पूरी खबर… उत्तर प्रदेश: पारा 3°C गिरा, 48 घंटे बाद फिर से बारिश का अलर्ट पिछले 48 घंटों में 15 से अधिक जिलों में हल्की बारिश के बाद प्रदेश का पारा करीब 3°C तक गिर गया है। बांदा का पारा अभी तक 40°C के पार चला गया था लेकिन पिछले 2 दिन से पारा 37°C पर आ गया है। मौसम विभाग ने अगले 48 घंटे बाद फिर से बारिश का अलर्ट जारी किया है। जो 22 मार्च तक जारी रह सकता है। पढ़ें पूरी खबर… छत्तीसगढ़: रायपुर-सरगुजा में बारिश, धमतरी में ओले गिरे, आज 19 जिलों में आंधी-बारिश का अलर्ट सोमवार को कई जिलों में बारिश और ओले गिरे। गरियाबंद में बिजली की चपेट में आने से एक युवक झुलस गया। धमतरी जिले के मगरलोड, नगरी और कुरुद तीनों क्षेत्र में ओले गिरे। वहीं, सरगुजा के उदयपुर सहित कई इलाकों में भी बारिश हुई है। आज भी प्रदेश के 19 जिलों में तेज आंधी, गरज-चमक के साथ बारिश और बिजली गिरने का अलर्ट है। पढ़ें पूरी खबर…
Source link
