हिंदू नव वर्ष के शुभारंभ पर निवाड़ी जिले के स्वामी विवेकानंद सभागार में विक्रमोत्सव का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम के मुख्य अतिथि निवाड़ी जिले के प्रभारी मंत्री नारायण सिंह कुशवाह थे। आयोजन में सतना की आकार वेलफेयर सोसाइटी के कलाकारों ने सम्राट विक्रमादित्य के न्यायप्रिय जीवन पर आधारित एक सजीव नाट्य मंचन प्रस्तुत किया। विक्रमोत्सव का शुभारंभ मुख्य अतिथि नारायण सिंह कुशवाह और अन्य मंचासीन अतिथियों ने मां सरस्वती का पूजन कर तथा ब्रह्म ध्वज की स्थापना के साथ किया। प्रशासनिक अधिकारियों ने अतिथियों का स्वागत किया। कार्यक्रम स्थल पर मध्य प्रदेश शासन की विभिन्न योजनाओं पर आधारित एक प्रदर्शनी भी लगाई गई थी, जिसका अवलोकन प्रभारी मंत्री ने किया। इस अवसर पर प्रभारी मंत्री नारायण सिंह कुशवाह ने कहा कि सम्राट विक्रमादित्य का जीवन हमेशा न्यायप्रिय रहा है। उन्होंने यह भी कहा कि मध्य प्रदेश में डॉ. मोहन यादव की सरकार सम्राट विक्रमादित्य के जीवन से प्रेरणा लेकर काम कर रही है, जिससे सभी वर्गों को न्याय मिल रहा है और उनके लिए योजनाएं संचालित हो रही हैं। प्रभारी मंत्री ने बताया कि आज से नव वर्ष के साथ ही मध्य प्रदेश सरकार द्वारा ‘जल गंगा संवर्धन अभियान’ का भी शुभारंभ किया गया है। उन्होंने हिंदू नव वर्ष की बधाई देते हुए इस अभियान को जीवन से जुड़ा एक महत्वपूर्ण कार्य बताया और सभी से जल स्रोतों को सहेजने का आह्वान किया। हमारा नव वर्ष देवी की आराधना से प्रारंभ होता है: विधायक’
इस अवसर पर विधायक अनिल जैन ने भी हिंदू नव वर्ष की सभी को शुभकामनाएं एवं बधाई देते हुए कहा कि कलाकारों के द्वारा सम्राट विक्रमादित्य के जीवन पर आधारित बेहद प्रेरणा स्रोत नाटक का मंचन किया गया है और हमें सम्राट विक्रमादित्य के जीवन से प्रेरणा लेना है। विधायक ने कहा कि सम्राट विक्रमादित्य ने ही चैत्र नवरात्रि के प्रथम दिवस से ही विक्रम संवत का शुभारंभ किया था और इसी विक्रम संवत के शुभारंभ को हम अपना नव वर्ष मानते हैं। विधायक ने कहा कि जनवरी से प्रारंभ होने वाला नव वर्ष पाश्चात्य संस्कृति का है, जबकि हिंदू सनातन धर्म का नववर्ष चैत्र नवरात्रि के प्रथम दिवस से देवी की आराधना से प्रारंभ होता है। विधायक ने कहा कि आज से बुंदेलखंड की गंगा कहीं जाने वाली मां बेतवा के तट पर जल गंगा संवर्धन अभियान का शुभारंभ हुआ है। विधायक ने कहा कि केन बेतवा लिंक परियोजना के माध्यम से हमारे देश के प्रधानमंत्री ने बुंदेलखंड क्षेत्र के किसानों के चेहरे पर मुस्कान लाने का प्रयास किया है और हमारा भी दायित्व है कि हम पानी की एक-एक बूंद को बचाएं। इस अवसर पर विधायक अनिल जैन, भाजपा जिला अध्यक्ष राजेश पटेरिया, भाजपा पूर्व जिला अध्यक्ष डॉ नंदकिशोर नापित, पूर्व विधायक डॉक्टर शिशुपाल यादव, नगर परिषद अध्यक्ष गुलाब अहिरवार सहित अनेक जनप्रतिनिधि तथा कलेक्टर जमुना भिड़े, पुलिस अधीक्षक डॉ राय सिंह नरवरिया एवं अन्य विभागों के अधिकारी कर्मचारी उपस्थित रहे।
Source link
