सरगुजा ओलंपिक 2026 के शुभारंभ में रेसलर और अर्जुन पुरस्कार से सम्मानित गीता फोगाट शामिल हुईं। दंगल गर्ल गीता फोगाट ने खिलाड़ियों से मुलाकात की और उन्हें खेलों में जीत का मंत्र दिया। गीता ने खिलाड़ियों से कहा कि हार से निराश न हों। खुद पर विश्वास रखें और अंतिम क्षण तक लक्ष्य के लिए जुटे रहे। सरगुजा ओलंपिक के उद्घाटन समारोह में पहुंची गीता फोगाट ने खिलाड़ियों से मुलाकात की। गीता फोगाट के पहुंचते ही पूरे मैदान में उत्साह का माहौल बन गया। खिलाड़ियों के चेहरों पर खुशी झलकने लगी और वे गीता दीदी जिंदाबाद के नारे लगाने लगे। सरगुजा की धरती खेल प्रतिभाओं के लिए अनुकूल
खिलाड़ियों को संबोधित करते हुए गीता फोगाट ने कहा कि सरगुजा की धरती खेल प्रतिभाओं के लिए अत्यंत अनुकूल है। उन्होंने खिलाड़ियों को सफलता का मूल मंत्र देते हुए कहा कि खुद पर विश्वास रखें और अंतिम क्षण तक अपने लक्ष्य के लिए जुटे रहें तो सफलता अवश्य मिलेगी। गीता फोगाट ने कहा कि जीवन के किसी भी क्षेत्र चाहे खेल हो, नौकरी, परीक्षा या व्यवसाय में आगे बढ़ने के लिए रुचि, जुनून और कड़ी मेहनत आवश्यक है। इसके साथ ही धैर्य, नशे से दूरी और सकारात्मक सोच सफलता की कुंजी हैं। उन्होंने खिलाड़ियों को स्वास्थ्य का विशेष ध्यान रखने और पूरी लगन से अभ्यास करने की सलाह दी। सरगुजा, बलरामपुर, सूरजपुर, जशपुर, कोरिया और एमसीबी जिलों से आए खिलाड़ियों ने गीता फोगाट को अपना रोल मॉडल बताते हुए कहा कि उनके संघर्ष और मेहनत से प्रेरणा मिलती है। दूसरी बार सरगुजा पहुंची हैं गीता
गीता फोगाट ने पत्रकारों से चर्चा करते हुए कहा कि यह खुशी की बात है कि सरगुजा जैसे स्थान में इस तरह से के खेलों का आयोजन हो रहा है। इस तरह के आयोजन होते हैं तो बच्चों में उत्साह आता है। स्पोर्ट्स आइकान को देखकर भी प्रेरणा मिलती है। गीता फोगाट ने कहा कि इन खेलों में लड़कियों की संख्या ज्यादा है, यह देखकर ज्यादा खुशी हुई। हम छोटे से गांव से निकलकर इस मुकाम पर पहुंचे हैं। गीता ने कहा कि कोई भी बेटी किसी भी कोने पर हो, उनके पैरेंट्स से अपील है कि वे उन्हें सपोर्ट करें। आज बेटियां हर क्षेत्र में आगे हैं।
Source link
