कटिहार रेलवे स्टेशन पर रविवार शाम एक बड़ा हादसा टल गया। चलती ट्रेन से उतरने की कोशिश में एक महिला यात्री का पैर फिसल गया था, लेकिन ड्यूटी पर तैनात आरपीएफ कांस्टेबल अमित कुमार ने तत्परता दिखाते हुए उसकी जान बचा ली। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल यह पूरी घटना प्लेटफॉर्म पर लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई, जिसका वीडियो अब सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। रेलवे सूत्रों के मुताबिक, यह घटना रविवार शाम करीब 6:20 बजे हुई। गाड़ी संख्या 75743 कटिहार-सिलीगुड़ी एक्सप्रेस कटिहार स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर-2 पर खड़ी थी। ट्रेन को चलने का सिग्नल मिलने के बाद एक महिला यात्री अचानक ट्रेन से उतरने लगी। इसी दौरान ट्रेन ने गति पकड़ ली, जिससे महिला का संतुलन बिगड़ गया और वह प्लेटफॉर्म तथा ट्रेन के बीच गिरने लगी। प्लेटफॉर्म पर गश्त कर रहे आरपीएफ पोस्ट कटिहार के कांस्टेबल अमित कुमार ने महिला को खतरे में देखा। बिना देर किए, अमित तुरंत महिला की ओर दौड़े। उन्होंने एक हाथ से महिला को मजबूती से पकड़ा और पूरी ताकत से उसे प्लेटफॉर्म की ओर खींच लिया, जिससे उसकी जान बच गई। आरपीएफ पोस्ट पर प्राथमिक उपचार हादसे के बाद महिला काफी सहमी हुई थी। कांस्टेबल अमित ने उसे पानी पिलाया और आरपीएफ पोस्ट ले जाकर प्राथमिक उपचार दिया। महिला ने बताया कि वह वॉशरूम गई थी और उसे ट्रेन के चलने का पता नहीं चला। घबराहट में उसने चलती ट्रेन से उतरने की कोशिश की थी। बाद में, महिला को उसके परिजनों के आने पर सुरक्षित उनके सुपुर्द कर दिया गया। आरपीएफ पोस्ट कटिहार के इंस्पेक्टर ने कांस्टेबल अमित की सराहना करते हुए कहा कि उन्होंने अपनी ड्यूटी से बढ़कर मानवता का परिचय दिया है। उनकी सूझबूझ से एक जान बच गई। विभाग की ओर से उन्हें सम्मानित किया जाएगा। पूर्व मध्य रेल के आईजी/आरपीएफ ने भी ट्वीट कर कांस्टेबल अमित के कार्य की प्रशंसा की है। इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें लोग कांस्टेबल अमित को ‘रियल हीरो’ बता रहे हैं और उनके साहस की प्रशंसा कर रहे हैं। रेलवे ने यात्रियों से अपील की है कि वे चलती ट्रेन से उतरने या चढ़ने का प्रयास न करें। किसी भी आपात स्थिति में सहायता के लिए 139 पर कॉल करें।
Source link
