जगराओं पुलिस ने हेरोइन तस्करी के आरोप में एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है। आरोपी राहुल गोस्वामी को पुल अलीगढ़ चौक जगराओं के पास से 50 हजार रुपये की ड्रग मनी और हेरोइन के साथ पकड़ा गया। वह पहले भी नशा तस्करी के मामले में जमानत पर जेल से बाहर आया था।
.
थाना सिटी के प्रभारी परमिंदर सिंह ने बताया कि राहुल गोस्वामी निवासी लिंक रोड मंडी मुल्लापुर पहले नशीले कैप्सूल और गोलियों की तस्करी करता था। जमानत पर बाहर आने के बाद उसने अपना धंधा बदलकर हेरोइन बेचना शुरू कर दिया था।
पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि आरोपी मुल्लापुर से हेरोइन लाकर जगराओं और आसपास के इलाकों में सप्लाई करता है। सूचना में यह भी बताया गया कि वह अपनी कार (PB-10-FD-9606) में पुल अलीगढ़ चौक जगराओं के पास ग्राहकों का इंतजार कर रहा है और उसके पास भारी मात्रा में हेरोइन है।
सूचना के आधार पर पुलिस ने की कार्रवाई
सूचना के आधार पर एसआई सतपाल सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम ने तुरंत कार्रवाई की। मौके पर छापा मारकर आरोपी राहुल गोस्वामी को काबू कर लिया गया। तलाशी के दौरान उसके पास से हेरोइन और 50 हजार रुपये की ड्रग मनी बरामद हुई।
आरोपी के खिलाफ थाना सिटी जगराओं में नारकोटिक ड्रग्स एंड साइकोट्रोपिक सब्सटेंस (NDPS) एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है। थाना प्रभारी परमिंदर सिंह के अनुसार, राहुल गोस्वामी के खिलाफ पिछले साल थाना दाखा में भी नशा तस्करी का मामला दर्ज हुआ था, जिसमें वह जमानत पर चल रहा था।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि आरोपी पेशे से मार्केटिंग का काम करता है, लेकिन इसके साथ-साथ वह नशा तस्करी में भी शामिल हो गया था। पुलिस अब आरोपी से पूछताछ कर रही है ताकि यह पता लगाया जा सके कि वह हेरोइन किससे खरीदता था और किन-किन लोगों को इसकी सप्लाई करता था।
