![]()
शाजापुर जिले के लालघाटी थाना क्षेत्र में बुधवार दोपहर नेशनल हाईवे-52 पर एक सड़क हादसे में दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। सनकोटा गांव के पास रॉन्ग साइड से आ रहे एक ट्राले ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। यह हादसा सुबह करीब 11 से 12 बजे के बीच हुआ। टक्कर इतनी जोरदार थी कि बाइक सवार दोनों युवक सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से चोटिल हो गए। घटना की सूचना मिलते ही डायल 112 की टीम तुरंत मौके पर पहुंची। पायलट कमलेश और आरक्षक लखन सिंह ने घायलों को तत्काल शाजापुर जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां उनका उपचार जारी है। डायल 112 में पदस्थ आरक्षक लखन सिंह ने बताया कि घायल युवक मझानिया गांव से मक्सी की ओर जा रहे थे। उनकी पहचान रमन राजावत और कृष्णा राजावत के रूप में हुई है। फिलहाल दोनों की हालत गंभीर बनी हुई है। पुलिस ने जानकारी दी है कि घायलों के बयान दर्ज होने के बाद मामले में आगे की कार्रवाई की जाएगी।
Source link
