भिलाई के खुर्सीपार इलाके में स्थित शताक्षी गैस एजेंसी में संचालक ने बाउंसर तैनात कर रखे हैं। सिलेंडर लेने गए एक ग्राहक के साथ बाउंसरों ने धक्का-मुक्की कर मारपीट की है। जिसका वीडियो भी सामने आया है। जिस पर बाकी ग्राहकों ने नाराजगी जताई, तो उनको भी चिल्लाते दिखे। मामला खुर्सीपार थाना इलाके का है। जानकारी के मुताबिक, बुधवार को गैस सिलेंडर लेने के लिए सुबह से ही बड़ी संख्या में लोग लाइन में लगे थे। भीड़ अधिक होने के कारण एजेंसी संचालकों ने व्यवस्था बनाए रखने के लिए बाउंसर तैनात किया था। इसी दौरान लाइन में खड़े एक युवक और बाउंसर के बीच किसी बात को लेकर विवाद हो गया। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ा कि, बाउंसर ने युवक के साथ मारपीट शुरू कर दी। लाइन में खड़े बाकी ग्राहकों के साथ भी धक्का-मुक्की की गई। घटना की सूचना मिलते ही खुर्शीपार पुलिस मौके पर पहुंची और मामले को शांत कराया। देखिए तस्वीरें… प्रबंधन बोलने से बच रहा, पुलिस में कोई शिकायत नहीं पुलिस ने लोगों से बातचीत कर मामले की जानकारी ली। हालांकि गैस एजेंसी के प्रबंधक ने इस मामले में कुछ भी बोलने से साफ मना कर दिया और मीडिया से दूरी बनाए रखी। पुलिस का कहना है कि, अभी तक इस मामले में किसी ने भी लिखित शिकायत नहीं दी है। शिकायत मिलने के बाद जांच कर कार्रवाई की जाएगी। ग्राहकों के साथ होती है बदसलूकी स्थानीय लोगों का आरोप है कि, गैस एजेंसी में अक्सर अव्यवस्था रहती है और ग्राहकों के साथ सही व्यवहार नहीं किया जाता है। लोगों ने प्रशासन से एजेंसी की व्यवस्था सुधारने और दोषियों पर कार्रवाई की मांग की है। शहर में गैस एजेंसियों पर बढ़ती भीड़ और बाउंसर तैनाती का मुद्दा अब चर्चा में है। आम जनता का कहना है कि, सिलेंडर लेने के लिए लंबी लाइन लगानी पड़ती है। ऊपर से मारपीट और बदसलूकी की जा रही है।
Source link
