राजधानी के गुढ़ियारी थाना क्षेत्र अंतर्गत अंबेडकर चौक में एक विवाहिता ने संदिग्ध परिस्थितियों में खुदकुशी कर ली है। मृतका की पहचान 36 वर्षीय पिंकी गुप्ता के रूप में हुई है। पुलिस ने प्रारंभिक जांच के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और क्राइम सीन को सील कर दिया है। परिजनों की शिकायत पर पुलिस ने मर्ग कायम करके जांच शुरु कर दी है। चुनरी का बनाया फंदा, कमरे में मिली लाश गुढ़ियारी पुलिस के अनुसार पिंकी गुप्ता के पति सुरेश गुप्ता क्षेत्र में घूम-घूमकर बर्तन बेचने (फेरीवाला) का काम करते हैं। वे मूल रूप से गाजीपुर (उत्तर प्रदेश) के रहने वाले हैं और लंबे समय से रायपुर के गुढ़ियारी में रह रहे थे। गुरुवार रात जब घर के लोग कमरे में पहुंचे, तो पिंकी का शव पंखे पर चुनरी के फंदे से लटका मिला। परिजन शव को फंदे से उतारकर मेकाहारा लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने पिंकी को मृत घोषित कर दिया। संतान न होने का था तनाव पुलिस की शुरुआती पूछताछ में यह बात सामने आई है कि पिंकी और सुरेश की शादी को कई साल बीत चुके थे, लेकिन उनकी कोई संतान नहीं थी। बच्चा न होने के कारण पिंकी और उसके पति परेशान रहते थे। क्राइम सीन लॉक, मायके वालों ने की शिकायत घटना की सूचना मिलते ही पुलिस की फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने फिलहाल उस कमरे को लॉक कर दिया है जहां सुसाइड हुआ था। मृतिका के मायके पक्ष के पहुंचने के बाद मामले में आगे की जांच करने की बात पुलिस अधिकारी कह रहे है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों और समय का स्पष्ट पता चल पाएगा।
Source link
