अजमेर सेंट्रल जेल के अधीन संचालित खुले बंदी शिविर से एक कैदी के फरार होने का मामला सामने आया है। बंदी गिनती के दौरान अनुपस्थित मिला, जिसके बाद जेल प्रशासन में हड़कंप मच गया। कारागृह अधीक्षक की ओर से दी गई रिपोर्ट के अनुसार, कैदी हसराज पुत्र गोहेरी लाल, निवासी राजसमंद, जो हत्या सहित गंभीर धाराओं में सजा काट रहा था, खुले बंदी शिविर में रह रहा था। उसे न्यायालय द्वारा 24 दिसंबर 2024 को दोषी ठहराते हुए उम्र कैद और 20 हजार रुपए जुर्माना और सजा सुनाई गई थी। पुलिस के अनुसार 29 मार्च 2026 को शाम की गिनती के दौरान बंदी हरसाराम अनुपस्थित पाया गया। जेल स्टाफ द्वारा उसके मोबाइल नंबरों पर संपर्क करने का प्रयास किया गया, लेकिन फोन बंद मिला। इसके बाद पुष्टि हुई कि बंदी शिविर से फरार हो चुका है। मामले में कारागृह प्रशासन की रिपोर्ट पर सिविल लाइन थाना पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। आरोपी बंदी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 262 (हिरासत से फरार होना) के तहत प्रकरण दर्ज किया गया है।
पुलिस ने बंदी की तलाश के लिए टीमें गठित कर दी हैं और संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है।
Source link
