नागौर में कृषि मंडी में खुले में रखी हजारों बोरियां बारिश में भीग गई। इसके कारण व्यापारियों के साथ किसानों को भी भारी नुकसान उठाना पड़ा। जानकारी के अनुसार- मेड़ता मंडी में करीब 30 हजार बोरियां बारिश में भीगकर खराब हो गई। वहीं नागौर मंडी में 50 हजार से अधिक बोरियां तेज बरसात में भीग गई। नागौर कृषि मंडी व्यापार मंडल के अध्यक्ष मूल चंद भाटी का कहना है- नागौर मंडी में आज आई बारिश में 50 हजार बोरियां भीगने से व्यापारियों और किसानों को करीब 20 करोड़ रुपए का नुकसान हुआ है। इनमें 12 करोड़ का जीरा करीब 6 हजार क्विंटल, ईसबगोल करीब 3 हजार क्विंटल, सौंफ करीब 1500 क्विंटल, मूंग करीब 1500 क्विंटल, रायड़ा करीब 2500 क्विंटल, तारामीरा करीब 2000 क्विंटल के साथ गवार, मेथी चना बड़ी मात्रा में खराब हुआ है। मेड़ता मंडी में 30 हजार बोरी भीगने से करीब 15 करोड़ का नुकसान होने की आशंका है।
व्यापारियों और किसानों का कहना है कि शेड की कमी के कारण उनकी उपज खुले में ही रखी हुई थी। अचानक तेज बरसात आई और उन्हें अनाज से भरी बोरियां उठाने का मौका तक नहीं मिला। दोनों मंडियों को मिलाकर करीब 35 करोड़ रुपए का नुकसान होने की आशंका है। व्यापारी बोले- तेज बारिश से फसलें चौपट हुई
मंडी व्यापारियों का कहना है कि किसानों की फसल कट कर मंडी पहुंची थी, लेकिन आज आई तेज बारिश से खुले में रखी बोरियां खराब हो गई। जबकि बारिश से खेत में पड़ी फसलें भी पूरी तरह से चौपट हो गई है। नागौर और डीडवाना कुचामन जिले में आज मौसम विभाग ने ऑरेंज अलर्ट जारी किया था। सुबह 9 बजे से ही इसका असर दिखना शुरू हो गया था। सुबह से ही अलग- अलग क्षेत्रों में बारिश का दौर शुरू हो गया। नागौर जिले के डेगाना में जहां ओलावृष्टि हुई, वहीं डीडवाना के कई क्षेत्रों में भारी बारिश हुई। नावां क्षेत्र में करीब तीन घंटे तक जोरदार बारिश हुई। डीडवाना के बांठड़ी और रणसिसर क्षेत्र में भारी बारिश कारण गेहूं और सौंफ की फसलों को भारी नुकशान हुआ है। किसान बोले- बारिश ने सबकुछ खत्म कर दिया
किसान धन्नाराम का कहना है- 3 दिन पहले हुई ओलावृष्टि से फसल को जो नुकसान हुआ था। उसके बाद आज सुबह हुई बारिश ने सबकुछ खत्म कर दिया। फसल चौपट हो गई है। डेगाना के जाखेड़ा में तेज हवा के कारण एक दर्जन से ज्यादा बिजली के पोल गिर गए हैं। जबकि बड़ी संख्या में पेड़ भी धराशायी हो गई। लोगों के घरों के बाहर रखी लोहे की चद्दरें भी उड़ गई। कई ग्रामीण इलाकों में शाम 5 बजे बाद से लाइट भी गुल है। नागौर और डीडवाना-कुचामन जिले के कई हिस्सों में बारिश का दौर जारी है। अब देखिए- बारिश के बाद फसलों की तबाही की तस्वीरें
Source link
