रायसेन जिले में बुधवार को अचानक मौसम का मिजाज बदल गया। तेज हवाओं के साथ हुई बेमौसम बारिश ने किसानों की चिंता बढ़ा दी है। इस बारिश से खेतों में कटी रखी गेहूं की फसल और मंडी में रखा अनाज भीग गया। बुधवार सुबह से ही आसमान में काले बादल छाए हुए थे और हवाएं चल रही थीं। सुबह लगभग 11:15 बजे बारिश शुरू हो गई, जिससे शहर की सड़कें गीली हो गईं और मौसम में ठंडक घुल गई। वर्तमान में जिले में गेहूं की कटाई का कार्य लगभग पूरा हो चुका है। हालांकि, समर्थन मूल्य पर खरीदी प्रक्रिया अभी तक सुचारू रूप से शुरू नहीं हो पाई है। इस कारण भारी मात्रा में कटी हुई गेहूं की फसल खुले आसमान के नीचे खेतों और खलिहानों में रखी हुई है। अचानक हुई इस बारिश से फसल के भीगने और खराब होने की आशंका बढ़ गई है। बारिश के कारण कृषि उपज मंडी में भी अफरा-तफरी मच गई। किसान अपनी गेहूं की उपज को बचाने के लिए काफी मशक्कत करते दिखे। वहीं, व्यापारियों द्वारा खरीदा गया अनाज भी बारिश की चपेट में आकर गीला हो गया। किसानों का कहना है कि यदि शीघ्र ही गेहूं की तुलाई और खरीदी शुरू नहीं हुई, तो उन्हें भारी आर्थिक नुकसान उठाना पड़ेगा। किसानों ने प्रशासन से जल्द से जल्द उचित व्यवस्था करने की मांग की है ताकि उनकी मेहनत की फसल को बचाया जा सके।
Source link
